राजमहल/उधवा : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण राधानगर थाना क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजमहल व राधानगर थाना परिसर में सामूहिक लंगर की व्यवस्था की गई है. पुलिस परिवार की इस पहल के तहत बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
राजमहल में 700 और राधानगर में 300 लोगों ने किया भोजन
राजमहल के लंगर में करीब 700 और राधानगर के लंगर में करीब 300 बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराया गया. साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत के उद्देश्य से लंगर की व्यवस्था की गई है.
थाना पहुंचकर भोजन कर सकते हैं बाढ़ पीड़ित
इसी क्रम में राजमहल व राधानगर थाना परिसर में भी बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है. पुलिस ने प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे राधानगर थाना पहुंचकर लंगर में भोजन ग्रहण कर सकते हैं.
आपात स्थिति में 112 पर करें कॉल
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि थाना परिसर में बाढ़ पीड़ितों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रभावित लोगों को भोजन के लिए परेशान न होना पड़े. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ली जा सकती है.
बाढ़ पीड़ितों ने जताया आभार
बाढ़ की स्थिति में पुलिस प्रशासन की ओर से भोजन की व्यवस्था किये जाने पर प्रभावित लोगों ने आभार जताया. बाढ़ पीड़ितों ने साहिबगंज पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया.
