उधवा नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को उधवा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लोगों ने हर्षोल्लास के साथ नववर्ष का स्वागत किया एवं जश्न मनाया. जानकारी के अनुसार नववर्ष के अवसर पर मध्य रात्रि 12 बजे के बाद से युवकों ने पटाखा जलाकर, सड़कों पर चित्रांकन कर नववर्ष का स्वागत किया. वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामना दी. वहीं गुरुवार की सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में लोगों ने पूजा-अर्चना कर दिन की शुरुआत की. उधवा चौक, इंग्लिश बाजार, अमानत दियारा, पियारपुर, राधानगर, केलाबाड़ी, प्राणपुर सहित अन्य दैनिक बाजारों में फलों एवं अन्य सामानों की खरीदारी के लिए चहल-पहल देखी गयी. लोगों ने नववर्ष के आगमन पर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया. इधर, उधवा प्रखंड के प्रमुख पिकनिक स्पॉट रामसर साइट, उधवा झील सह पक्षी आश्रयणी तथा चतराडीह में पिकनिक मनाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इसके अलावा कुसमा पहाड़ सहित दियारा क्षेत्रों के गंगा किनारे लोगों ने पिकनिक मनाया. इस दौरान राजमहल, बरहरवा, तीनपहाड़, पाकुड़ सहित अन्य जगहों से पर्यटक पक्षी अभ्यारण्य सह पतौड़ा झील पहुंचे. पर्यटक उधवा झील परिसर में लगे झूला, शिकारा नाव, वॉच टावर एवं पक्षी प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण कर आनंदित हुए. इसके अलावा सैलानियों को सेल्फी स्पॉट पर सेल्फी व रील बनाते देखा गया. सुरक्षा व्यवस्था पर राधानगर थाना पुलिस व वन विभाग के कर्मी मौके पर तैनात : पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने थाना क्षेत्र के प्रमुख पिकनिक स्पॉट पर पुलिस बलों की तैनाती की. पक्षी अभ्यारण्य सह पतौड़ा झील में एएसआई शिशिर कुमार यादव के नेतृत्व में कई पुलिस बल मौजूद थे. इसके अलावा पक्षी अभ्यारण्य में कार्यरत कर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दिखे. थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर तेज गति से वाहन न चलाएं. इससे अपने साथ-साथ दूसरों की जान पर खतरा बना रहता है. मौके पर एएसआई मनोज पासवान, चौकीदार मेहनाज खातून, प्रतिभा कुमारी, सुमन कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
