अधिकारी एक, जिम्मे पांच प्रखंड, कैसे करेंगे काम

बरहरवा प्रखंड सह अंचल में अधिकारियों का टोटा, सिस्टम को कोस रहे लोग

बरहरवा

प्रखंड सह अंचल कार्यालय में सरकारी अधिकारी ग्रामीण विकास, पंचायत की निगरानी, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, राजस्व प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और जन सेवा आदि के माध्यमों से सरकार व जनता के बीच पुल का काम करते हैं. लेकिन, जरा सोचिये अगर ये अधिकारी ही न हों तो इन विकास कार्यों पर क्या प्रभाव पड़ेगा? कुछ ऐसा ही मामला बरहरवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का है. यहां वर्षों से कई महत्वपूर्ण पदों पर स्थायी अधिकारी नहीं हैं और ये सभी पद अन्य अधिकारियों को दिये प्रभार के भरोसे चल रहा है. इनमें कई अधिकारियों के पास दो-दो विभागों का पदभार है. वहीं, यहां पदस्थापित कई अधिकारी अन्य प्रखंडों में भी प्रभार पर कार्यभार संभाल रहे हैं. इस कारण कई बार ये अधिकारी अपने कार्यालयों में नजर नहीं आते है. इससे न केवल विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं बल्कि, प्रखंड क्षेत्र के दूर-दराज से विभिन्न कार्यों के लिए प्रखंड सह अंचल कार्यालय रोजाना आने वाले आम नागरिक बिना अधिकारियों के निराश होकर लौट जा रहे हैं और सिस्टम को कोस रहे हैं. वर्तमान में बरहरवा प्रखंड की 25 पंचायतों में 25 पंचायत सचिव का पद स्वीकृत है, जिनमें महज 15 पंचायत सचिव कार्यरत हैं. शेष 10 पंचायत प्रभार में चल रहे हैं. वहीं, प्रखंड में 22 स्वीकृत जनसेवक (बीएलडब्ल्यू) के पदों की तुलना में महज 14 जनसेवक कार्यरत हैं. और आठ पद रिक्त हैं. इससे पंचायतों के विकास पर गहरा असर पड़ रहा है. वहीं, बरहरवा अंचल कार्यालय में राजस्व उप निरीक्षक (हल्का कर्मचारी) के आठ पद स्वीकृत हैं, जबकि पांच हल्का कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें उमेश मंडल, ऋषितोष झा, श्यामलाल मरांडी, जयंतो कुमार पासवान, दुर्गोधन प्रमाणिक शामिल हैं. वहीं, अंचल में छह लिपिकों के स्थान पर चार और पांच अनुसेवकों के स्थान पर तीन अनुसेवक ही कार्यरत हैं. इस कारण अंचल में भूमि सुधार, राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज और प्रमाणपत्र निर्गत करने के कार्यों पर बुरा असर पड़ रहा है.

बीइइओ एक, संभाल रहे पांच प्रखंडों का कार्यभार

जिले में इन दिनों प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था भी भगवान भरोसे ही चल रहा है. ऐसा इसलिए कि, बरहरवा सहित पांच प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी का पदभार एक ही व्यक्ति संभाल रहे हैं. जानकारी के अनुसार, तालझारी ब्लॉक में बीइइओ के पद पर पदस्थापित रॉबिन मंडल को बरहरवा, पतना, उधवा और राजमहल प्रखंड में शिक्षा विभाग को सुचारु रूप से चलाने और दुरुस्त करने के लिए बीइओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. साथ ही वे विभाग में स्थापना, निकासी और व्ययन का काम भी देख रहे हैं. इससे न केवल उनके कंधों पर अत्यधिक काम का बोझ है, बल्कि स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर भी गहरा प्रभाव पड़ रहा है. वहीं, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के पद पर कार्यरत मनोज कुमार को पतना और बरहेट प्रखंड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसके अलावा प्रखंड पशुपालन अधिकारी डॉ एहतेशामुल हक, बरहरवा के अलावा तीनपहाड़ और जोंका के भी प्रभारी है, जहां वे सप्ताह में दो दिन सेवा दे रहे हैं. वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी और प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों भी जनसेवकों को अतिरिक्त प्रभार में दिया गया है.

बीएसओ का अतिरिक्त पदभार संभाल रहे नपं ईओ

19 मार्च 2026 को एसीबी दुमका द्वारा तत्कालीन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) नंदन कुमार को 40 हजार घूस लेते रंगे हाथों पकड़ाने के बाद करीब एक महीने तक बरहरवा में बीएसओ का पद खाली रहा. इसके बाद उपायुक्त साहिबगंज के निर्देश पर बरहरवा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार को बीएसओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया, लेकिन, बरहरवा नपं और जनगणना 2027 की जिम्मेदारी के कारण बीएसओ के कार्यों पर प्रभाव पड़ रहा है.

प्रखंड सह अंचल में चार नये अधिकारी हुए हैं पदस्थापित

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा 2023 में चयनित चार नये पदाधिकारियों को बरहरवा में पदस्थापित किया गया है. इनमें से नंदन कुमार के जाने के बाद तीन नये पदाधिकारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी नवीन कुमार, प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी वासुदेव कुमार और अंचल निरीक्षक जितेंद्र टुडू बरहरवा में पदस्थापित हैं, हालांकि, जितेंद्र टुडू ने अभी सीआई का पदभार ग्रहण नहीं किया है. वे प्रशिक्षु के रूप में कार्य कर रहे हैं. जिससे अभी सीआई का पदभार राजस्व उप निरीक्षक उमेश मंडल संभाल रहे हैं.

क्या कहते हैं बीडीओ

बीडीओ ने कहा कि अभी प्रखंड कार्यालय में कई पद खाली हैं, जिससे प्रभार में चल रहे हैं. इसे लेकर जिले के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है.

-सन्नी कुमार दास, बीडीओ, बरहरवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >