प्रतिनिधि, बोरियो : थाना क्षेत्र के बोरियो-तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तसर केंद्र के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान हरिणचारा गांव निवासी मोटका मुर्मू (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक उसका छोटा भाई राजू मुर्मू (25 वर्ष) है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिणचारा गांव निवासी दोनों सगे भाई राजू मुर्मू और मोटका मुर्मू एक ही बाइक पर सवार होकर तीनपहाड़ की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर तसर केंद्र के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी. हादसे में मोटका मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
गंभीर हालत में भाई साहिबगंज रेफर
घायल राजू मुर्मू को ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोरियो लाया गया. सीएचसी बोरियो में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बोरियो थाना के एसआई जियालाल किस्कू दलबल के साथ सीएचसी पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेज दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक की पत्नी होपनमय सोरेन ने बताया कि मृतक के तीन बच्चे हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
