राजमहल में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की अफवाह से पंपों पर जुटी भीड़

पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लगी वाहनों की लंबी कतार.

राजमहल/उधवा

मध्य पूर्व देशों में जारी युद्ध की खबरों के बीच राजमहल और उधवा क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की अफवाह फैल गयी है. इस अफवाह के कारण क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है और लोग अपने वाहनों में अधिक से अधिक ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं. जानकारी के अनुसार, आनंद फ्यूल सेंटर, लखीपुर में पेट्रोल और डीजल समाप्त हो गया है. जय गौरी एंड कंपनी पेट्रोल पंप में बीते रात्रि से पेट्रोल खत्म हो गया था और डीजल दोपहर तक उपलब्ध था. वहीं, मंडई स्थित संकट मोचन फिलिंग स्टेशन, बेगमपुरा में शुक्रवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गयी. दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. लोग जल्द से जल्द अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचे, जिससे कुछ समय के लिए पंपों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी बन गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं के माध्यम से यह अफवाह फैल गयी कि मध्य पूर्व में युद्ध के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि हो सकती है. हालांकि, पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ही ईंधन भरवाएं. राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी, सदानंद महतो ने भी लोगों से शांति बनाये रखने और अफवाहों से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है.

उधवा में भी अफवाह से पंपों पर दबाव

उधवा क्षेत्र में भी अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध की खबरों के चलते डीजल-पेट्रोल की दरों में बढ़ोतरी की अफवाह फैली. इसके कारण सैकड़ों लोग आलम पेट्रोल पंप, रक्सो स्थित इंडियन ऑयल पंप और अन्य पंपों पर अपनी गाड़ियों में अधिक तेल भरवाने के लिए जुट गये. आलम पेट्रोल पंप के मैनेजर संतोष कुमार ने बताया कि दाम बढ़ोतरी की अफवाह पर सुबह से ही पंपों पर भीड़ लगी हुई थी. उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की दरों में कोई आधिकारिक बदलाव नहीं हुआ है और बिक्री दरें सामान्य हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >