गोपालपुर में पानी में समाये पोल, सैकड़ों आशियाने

गंगा कटाव की मार से जनजीवन बदहाल, मुसीबतें झेल रहे गोपालपुर के लोग

साहिबगंज. साहिबगंज सदर प्रखंड के गोपालपुर, घीसू टोला और मकई टोला में गंगा कटाव लगातार जारी है. बाढ़ का पानी भले ही घटने लगा है, लेकिन कटाव की गति थमने का नाम नहीं ले रही. 2023 में पहली बार पूर्व विधायक अनंत ओझा के प्रयास से गांव में बिजली पहुंची थी. लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से 200 मीटर चौड़े क्षेत्र में 9 लोहे के पोल और 16 सीमेंट के पोल लगाए गए थे. परंतु कटाव ने आधे किलोमीटर क्षेत्र को निगल लिया, जिससे बिजली के पोल और एक ट्रांसफार्मर गंगा में समा गए. इससे बालू टोला, पीलर टोला, मकई टोला, नाथू टोला, राजेन्द्र टोला, कवीराज टोला और गदाई टोला जैसे इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. सात टोला में लगे ट्रांसफार्मरों में से एक बह गया. अब पूरा गांव अंधकार में डूबा है. हाईमास्ट लाइट, सोलर लाइट, दुर्गा मंदिर, स्कूल, पानी टंकी, चबूतरा और लगभग 70 घर गंगा की धारा में समा चुके हैं. लोग सकरीगली, अंबाडीह और बांसकोला में शरण लेने को मजबूर हैं. प्रशासन की पहल: राहत की उम्मीद डीसी हेमंत सती ने पिछले माह ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं थीं. उन्होंने तिरपाल, रोशनी, पशु चारा और राशन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 150 घर जलमग्न हो गए हैं. सरकारी परिसंपत्तियाँ जैसे विद्यालय, पानी टंकी और चबूतरा भी बह गए हैं. अस्थायी ठिकानों पर रह रहे लोगों को बिजली, भोजन और चारा की भारी कमी है. इनके घर गंगा में समाये इस आपदा में बनवा देवी, छोटेलाल चौधरी, छोटू चौधरी, अशोक चौधरी, सुदमिया देवी, अक्षय कुमार, शिवकुमार चौधरी, सिकंदर चौधरी, सुमन चौधरी, भोला चौधरी, बेचन चौधरी, जोगिन्दर चौधरी, तुलसी चौधरी, भुलावन चौधरी, पवन चौधरी, सिखिया देवी, मरलु चौधरी, लालबहादुर सिंह, गंगजली देवी, रामजी सिंह, संतलाल सिंह, महेश्वरी देवी, ज्ञानचन चौधरी, विशराम चौधरी, धमेन्द्र चौधरी, लीला देवी, चंदन चौधरी, पलन चौधरी, ललन चौधरी, रासबिहारी चौधरी, शंभु चौधरी, गुलशन कुमार, तारावती देवी, मुनीया देवी, कटिमन चौधरी, उर्मिला देवी, रामचलितर चौधरी, अमरजीत चौधरी, पार्वती देवी, गुरू चौधरी, निरंजन चौधरी, शंभु चौधरी, अर्जुन चौधरी, उपेन्द्र चौधरी, बाबा चौधरी, विपुल चौधरी, चादेव चौधरी, वकील चौधरी, मुकेश चौधरी, मर्सिया चौधरी, अशोक चौधरी, फोना चौधरी, गोपाल चौधरी, लालू कुमार, विष्णु कुमार, कौशल्या कुमारी, मनाज चौधरी, राजेश कुमार, धीरेन चौधरी, कुंदन चौधरी, सुलेन चौधरी, कजली कुमारी, आंधी चौधरी आदि के घर गंगा में समा गये. सीपीएम प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा, राहत-पुनर्वास की उठायी मांग मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गोपालपुर दियारा का दौरा कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि 100 से अधिक घर, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और चबूतरा गंगा में समा गए हैं. राशन लाने के लिए ग्रामीणों को गंगा पार कर कई किलोमीटर चलना पड़ता है. बच्चों की पढ़ाई बाधित है और मवेशियों के लिए चारा नहीं बचा है. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से राहत और पुनर्वास की मांग की. इस दौरान श्याम सुंदर पोद्दार, अमरनाथ चौधरी, दासु चौधरी, कुंज बिहारी चौधरी, पवन चौधरी, अशोक चौधरी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे. गंगा का रौद्र रूप: मिटती पहचान गोपालपुर दियारा, जो कभी उपजाऊ खेतों और बच्चों की किलकारियों से गूंजता था, अब गंगा की गर्जन में डूब चुका है. ग्रामीणों के अनुसार, सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि लोग अपना सामान तक नहीं निकाल पाए. बिजली के पोल, ट्रांसफाॅर्मर, मंदिर और स्कूल सब बह गए. भोजन, पानी और चारा की त्रासदी विस्थापित लोगों की सबसे बड़ी समस्या भोजन और पानी की है. हैंडपंप और कुएं बह चुके हैं. नावें कम हैं और जो हैं, वे भी खतरे में हैं. मवेशियों के लिए चारा नहीं बचा है. महिलाएं बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर भेज चुकी हैं. किशोर नाव चलाने और मवेशी बचाने में जुटे हैं. अस्थायी झोपड़ियों में जीवन कठिन हो गया है. ग्रामीणों की मांगें: पुनर्वास और सुरक्षा ग्रामीणों ने प्रशासन से नई सुरक्षित बस्ती, स्कूल, बिजली और गौशाला की व्यवस्था की मांग की है. उनका कहना है कि दियारा छोड़ना आसान नहीं है, क्योंकि यही उनकी पहचान और आजीविका है. यदि उन्हें अन्यत्र भेजा गया तो वे मजदूरी करने को मजबूर होंगे. राहत शिविरों में भोजन, पानी और चारा की पर्याप्त व्यवस्था की अपील की गई है. निजी आवास में शुरू हुआ स्कूल घीसू टोला के अमरनाथ चौधरी के आवास पर एक माह बाद उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू हुई है. प्रभारी प्राचार्य मनोज कुमार यादव और हृदय कुमार सिंह बच्चों को पढ़ा रहे हैं. यह पहल उम्मीद की एक किरण है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >