बरहेट: सावन महीने की पहली सोमवारी को लेकर संताल परगना के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन और शिवगादी प्रबंध समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है.
वहीं, महिला पुरुष श्रद्धालुओं के लिये अलग-अलग शौचालय, स्नान और धर्मशाला की साफ-सफाई पूरी हो चुकी है. वहीं, महिलाओं और पुरुषों के लिये अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गयी है, ताकि बिना किसी भगदड़ के सुगम जलाभिषेक हो सके. पूरे मेला क्षेत्र, शिवगंगा तालाब और गुफा परिसर की निगरानी के लिये विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है. इसके अलावा जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर और शुद्ध पेयजल के टैंकर तैनात किये गये हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीसीटीवी से निगरानी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन के लिए मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर गुफा परिसर तक मजबूत बैरिकेडिंग की गयी है. पूरे मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिये पुलिस बल की तैनाती की गयी है. इसके साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. कांवरियों के मार्ग पर रात के समय रोशनी के लिये सोलर लाइटों की व्यवस्था की गयी है.
