साहिबगंज से सोनू ठाकुर की रिपोर्ट
बोरियो (साहिबगंज) : JPSC-JSSC भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान के तहत चल रही भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा रविवार को बोरियो पहुंची. बोरियो पहुंचने पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने स्थानीय युवाओं और अभ्यर्थियों के साथ संवाद किया.
सरकारी भर्तियों में गड़बड़ी का लगाया आरोप
सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में सरकारी नौकरी बिक रही है, हर परीक्षा से पहले पेपर लीक हो जा रहा है और गरीब, आदिवासी-मूलवासी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी निर्दोष अभ्यर्थी के खिलाफ नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई के लिए है.
45 परीक्षाओं पर कार्रवाई का किया दावा
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि छात्रों के टूटते हुए सपनों को बचाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में मेहनत, योग्यता और पारदर्शिता के साथ छात्रों का नौकरी हो. उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन के दबाव से छात्र हित में निर्णय हुआ है. 45 परीक्षाओं पर कार्रवाई, 22 परीक्षाएं रद्द, 17 परीक्षाओं पर जांच और 6 परीक्षाओं पर रोक लगी है.
24 जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार को लेकर यात्रा
उन्होंने कहा कि भविष्य में फिर से प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली नहीं हो, इसके लिए राज्य के 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार के लिए यात्रा की जा रही है. भर्ती सुधार यात्रा के संथाल परगना में प्रवेश के बाद सरकार दबाव में आ गयी है.
धांधली पूरी तरह बंद होने तक जारी रहेगा आंदोलन
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भविष्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली पूरी तरह बंद नहीं हो जाती. यह यात्रा केवल नौकरी का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है. यात्रा को बोरियो में युवाओं का समर्थन मिला.
