प्रतिनिधि, बरहेट : थाना क्षेत्र के बरहेट-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर करमगाछ के समीप अहले सुबह गिट्टी लदा 16 चक्का हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया. हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गिट्टी खेत में बिखर गयी.
बरहरवा से गोड्डा जा रहा था हाइवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बरहरवा से गिट्टी लोड कर धरमपुर, गोड्डा की ओर जा रहा था. करमगाछ के समीप अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद हाइवा लहराते हुए सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया.
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी. गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क या खेत के पास कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद नहीं था. इससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया.
चालक और सह-चालक को चोट
दुर्घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक और सह-चालक को आंशिक चोटें आने की खबर है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है.
