संवाददाता, राजमहल: अनुमंडलीय अस्पताल के सभागार में शुक्रवार को आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए व्यवहार कौशल एवं आर्थिक साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान एवं अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
जिला कॉर्डिनेटर अमन कुमार ने प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं को व्यवहार कौशल एवं आर्थिक साक्षरता से संबंधित प्रशिक्षण मॉड्यूल उपलब्ध कराया. प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को उनके कार्य से जुड़े व्यवहारिक और आर्थिक पहलुओं की जानकारी दी गई.
लाभुकों से बेहतर संवाद और प्रभावी व्यवहार पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभुकों से बेहतर संवाद, प्रभावी व्यवहार और कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय से संबंधित जानकारी दी गई.
कार्यकर्ताओं को बताया गया कि लाभुकों के साथ बेहतर संवाद और सहयोगात्मक व्यवहार से सरकारी स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है.
बचत और आय-व्यय प्रबंधन की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में आर्थिक साक्षरता को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यकर्ताओं को बचत, आय-व्यय का प्रबंधन, वित्तीय योजनाओं और आर्थिक रूप से जागरूक रहने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया.
प्रशिक्षण के दौरान दैनिक जीवन में वित्तीय प्रबंधन को बेहतर बनाने और भविष्य के लिए आर्थिक रूप से तैयार रहने पर भी जोर दिया गया.
आर्थिक रूप से जागरूक बनाना प्रशिक्षण का उद्देश्य
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के व्यवहार कौशल को बेहतर बनाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक करना है.
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सीधा जुड़ाव समाज के लोगों से रहता है. ऐसे में बेहतर व्यवहार और प्रभावी संवाद उनके कार्य को और मजबूत बनाता है. इसके साथ ही आर्थिक साक्षरता से उन्हें अपने वित्तीय मामलों को बेहतर तरीके से समझने और प्रबंधित करने में मदद मिलेगी.
कार्यक्रम में अजय, दीपक, अनीता साह, तलत नाशी, संगीता समेत विभागीय कर्मी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रही.
