साहिबगंज :: साहिबगंज सदर, राजमहल, उधवा, तालझारी, मंडरो के आंशिक दियारा क्षेत्रों में लाखों की आबादी गंगा के पानी से घिर गयी है. चेतावनी रेखा 26.25 से बढकर बुधवार को 26.34 हो गया है जो गुरूवार को 26.64 सेमी हो जायेगा. बाढ की बढती गंगा जलस्तर को देखते हुए एसी विजय कुमार, एसडीओ अमर जॉन आइन्द ने सदर प्रखंड के रामपुर, टापरा, दुर्गास्थान,बलुआ दियारा, दुर्गा टोला गांव में जाकर दियारा में रह रहे लोगों व बच्चों से मुलाकात की और ऊंचे स्थान में जाकर रहने की बात कहीं. नाव की भी व्यवस्था करने का आश्वासन दिया. इधर दियारा क्षेत्रों के लोग अपना घर व पशुओं को छोड़ कर शिविरों में नहीं जाना चाहते. पशुओं की मुहब्बत में अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं. प्रशासनिक राहत शिविरों के बावजूद बाढ़ से घिरे दियारावासी अपने घरों व पशुओं को छोड़ना पसंद नहीं कर रहे.
उफान पर बह रही गंगा
साहिबगंज में गंगा नदी उफान पर है. गंगा के जलस्तर में बुधवार 26.34 को वृद्धि दर्ज की गयी है. जलस्तर चेतावनी रेखा के निशान से ऊपर है. केंद्रीय जल आयोग पटना की दैनिक रिपोर्ट में 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 30 सेमी बढ़ने की संभावना है, जो 26.64 हो जायेगा.
जिले के 17 स्थानों पर चिकित्सा शिविर
साहिबगंज जिले में 17 स्थानों पर चिकित्सा शिविर बनाया गया है व स्कूल पंचायत भवन में रहने की व्यवस्था की गयी है. पशु के लिये चारा की भी व्यवस्था की गयी है. जिले में संभावित बाढ से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से जिला आपदा प्रबंधन मद में जिला प्रशासन को करीब पांच करोड का आवंटन उपलब्ध कराया गया है. इस आवंटन में राहत वितरण, राहत शिविर, पशु चारा, चिकित्सा शिविर समेत मुआवजा राशि व अन्य खर्च शामिल है. प्रशासन नजर बनाये हुए है.
