शिवगादी में गूंजा हर-हर महादेव, अलौकिक श्रृंगार और महाआरती के साथ श्रावणी मेला का भव्य समापन

बाबा गाजेश्वरनाथ धाम में श्रावणी मेला का भव्य समापन. अलौकिक श्रृंगार, महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की. व्यवस्था रही...

प्रतिनिधि, बरहेट . संताल परगना के मिनी बाबाधाम के रूप में विख्यात प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) में श्रावणी मेला का भक्तिमय माहौल के बीच भव्य समापन हुआ. समापन के अवसर पर पूरा मंदिर परिसर बाबा भोलेनाथ के जयकारों और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने बाबा गाजेश्वरनाथ की विशेष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अलौकिक श्रृंगार

समापन समारोह की शुरुआत पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच बाबा गाजेश्वरनाथ के पवित्र जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक से की. इसके बाद बाबा का चंदन, भांग, धतूरा, बेलपत्र और रंग-बिरंगे ताजे फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया.

श्रृंगार के बाद महाआरती का आयोजन हुआ. इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पांडे, मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष रूपक साह और सचिव उत्पल दत्ता समेत समिति के पदाधिकारियों, पुलिस बल और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथों में दीप लेकर बाबा की आरती उतारी. प्राकृतिक गुफा से गिरती जलधारा के बीच बाबा गाजेश्वरनाथ का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा.

मेले की सफलता में जुटे लोगों को मिला सम्मान

श्रावणी मेला के समापन पर विशेष पूजा.

श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. बीडीओ अंशु कुमार पांडे, बोरियो प्रभाग इंस्पेक्टर नुनु देव राय, मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष रूपक साह और सचिव उत्पल दत्ता ने मेला व्यवस्था में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया.


दिन-रात सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहने वाले थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया समेत पुलिसकर्मियों, मंदिर कमेटी के सक्रिय सदस्यों, निस्वार्थ सेवा देने वाले वॉलेंटियर्स और परिसर को स्वच्छ रखने वाले सफाईकर्मियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.

लाखों की भीड़ के बावजूद व्यवस्था रही चाक-चौबंद

मुख्य अतिथि बीडीओ अंशु कुमार पांडे, बोरियो प्रभाग इंस्पेक्टर नुनु देव राय, अध्यक्ष रूपक साह और सचिव उत्पल दत्ता ने मेला सफल बनाने वाले सभी सेवादारों के प्रयासों की सराहना की.

बीडीओ ने कहा कि थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल की चाक-चौबंद सुरक्षा, वॉलेंटियर्स की मेहनत और सफाईकर्मियों की निरंतर तत्परता के कारण लाखों की भीड़ के बावजूद मेला सुरक्षित, अनुशासित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सका.

प्रशासन और ग्रामीणों का जताया आभार

थाना प्रभारी और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने भी सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों, सेवादारों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और बेहतर तालमेल से श्रावणी मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >