संवाददाता, साहिबगंज . फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआइ) के आजीवन सदस्य आकाश पांडेय ने आगामी चुनाव में संथाल परगना प्रमंडल से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है . नामांकन के बाद उन्होंने संथाल परगना के व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके समाधान के लिए सरकार व प्रशासन के स्तर पर मजबूती से पहल करने का भरोसा दिलाया .
आकाश पांडेय ने कहा कि संथाल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा और देवघर में व्यापारी वर्ग कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है . इनमें से कई समस्याओं का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है . ऐसे में व्यापारियों की आवाज को संगठित तरीके से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना जरूरी है .
जीत मिली तो व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता
आकाश पांडेय ने कहा कि यदि उन्हें क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में काम करने का अवसर मिलता है, तो साहिबगंज सहित पूरे संथाल परगना के व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष रखा जायेगा .
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को केवल अधिकारियों तक पहुंचाने तक सीमित न रखा जाये, बल्कि उनके समाधान के लिए लगातार पहल की जाये . व्यापारियों के हित में आवश्यक कदम उठाने के लिए सरकार के समक्ष भी प्रभावी तरीके से बात रखी जायेगी .
छह जिलों के व्यापारियों की आवाज बनने का संकल्प
आकाश पांडेय ने कहा कि संथाल परगना के छह जिलों में व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की अपनी-अपनी समस्याएं हैं . क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिकता सभी जिलों के व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना होगी .
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चैंबर को और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए .
सदस्यों और चैंबर पदाधिकारियों से मांगा आशीर्वाद
नामांकन के बाद आकाश पांडेय ने संथाल परगना प्रमंडल के सभी एफजेसीसीआइ सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न चैंबर के अध्यक्ष और सचिव से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की .
उन्होंने कहा कि सदस्यों के सहयोग और विश्वास के साथ ही व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से आगे ले जाया जा सकता है . उन्होंने सभी सदस्यों से चुनाव में सहयोग करने की कामना की .
