साहिबगंज. मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के नीमगाछी गांव निवासी स्वर्गीय शिवजी गुप्ता की 60 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ कुमार अंकित ने उनका इलाज शुरू किया. हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
परिजनों ने बताया कि सावित्री देवी किसी काम से सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गयी, उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी. परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल चालक को पकड़ कर सदर अस्पताल तक लाया गया था, लेकिन वह वहां से फरार हो गया. सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ कुमार अंकित ने बताया कि महिला को गंभीर चोटें लगी थीं, उनके पैर और कमर में फ्रैक्चर था. घटना की सूचना अस्पताल कर्मियों ने जिरवाबाड़ी थाने को दे दी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
