बकरीद मनाने ओडिशा से अपने गांव तेतुलिया आये बच्चे की तालाब में डूबने से मौत

बच्चों संग खेलने के दौरान आठ वर्षीय मुख़्तार आलम डूबा, परिवार सदमे में

बरहरवा

थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतुलिया गांव में सोमवार को तालाब में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार तेतुलिया निवासी मुख़्तार आलम (8) पिता मुमताज आलम गांव के ही बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी क्रम में वह नवनिर्मित तालाब में डूब गया. जिसके बाद बच्चों का शोर गुल सुन आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे और बच्चे को तालाब से बाहर निकाला. मगर बच्चा मूर्छित हो चुका था. आनन-फानन में ग्रामीणों ने गांव में ही बच्चे के शरीर से पानी निकालना शुरू किया, लेकिन जब बच्चे को होश नहीं आया तो परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहरवा लेकर पहुंचे. जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ अभय चौधरी ने बच्चे को होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन जब काफी कोशिशों के बाद भी बच्चे को होश नहीं आया तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन बच्चे के शव को लेकर चले गये. वहीं, अस्पताल में सीपीआर मशीन की सुविधा नहीं रहने पर परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की. ग्रामीणों ने बताया कि मुमताज आलम के दो पुत्र और एक पुत्री हैं. उनका पूरा परिवार ओडिशा के राउरकेला जिले के राजगैंगपुर में रहता है, जहां मुमताज व्यवसाय करते हैं. सोमवार की सुबह करीब 7 बजे ही वे लोग निजी वाहन से बरहरवा तेतुलिया स्थित अपने पुश्तैनी घर बकरीद मनाने पहुंचे थे. इधर, अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >