गंगा का जलस्तर स्थिर, लेकिन कटाव का कहर जारी : कारगिल दियारा-बैजनाथपुर में घर तोड़कर सामान बचा रहे परिवार
साहिबगंज से इमरान की रिपोर्ट
साहिबगंज : गंगा का जलस्तर शनिवार को दिनभर लगभग स्थिर रहा, लेकिन कारगिल दियारा और बैजनाथपुर में कटाव का कहर जारी रहा. तेज धार जमीन काटकर ले जा रही है और परिवार वर्षों की मेहनत से बने घर खुद तोड़कर ईंट और उपयोगी सामान बचाने में जुटे हैं.
घर तोड़कर ईंट और सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे परिवार
परिवार सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. बड़े-बुजुर्गों के साथ बच्चे भी दीवारों से ईंट निकालते दिखे. स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 300 एकड़ जमीन कट चुकी है और दर्जनों घर गंगा में समा चुके हैं. 40 से 50 परिवार घर दूसरी जगह शिफ्ट कर चुके हैं. ग्रामीणों ने कहा कि करीब एक दशक में इतना कटाव नहीं देखा.
खतरे के निशान से 60 सेंटीमीटर ऊपर है जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग, पटना के अनुसार शुक्रवार सुबह छह बजे जलस्तर 27.85 मीटर था, जो चेतावनी रेखा 26.25 मीटर से 1.60 मीटर और खतरे के निशान 27.25 मीटर से 60 सेंटीमीटर ऊपर है. बुधवार-गुरुवार के 24 घंटे में जलस्तर में तीन सेंटीमीटर की वृद्धि हुई थी. शनिवार को खास बदलाव नहीं हुआ. बक्सर से फरक्का तक कई जगह जलस्तर स्थिर और कुछ जगह कम हुआ.
ग्रामीणों ने राहत और सुरक्षित स्थान की मांग की
ग्रामीणों ने तत्काल राहत और विस्थापित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर व्यवस्था करने की मांग की है.
कटाव का सर्वेक्षण कराने की बात
साहिबगंज के अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने बताया कि निश्चित रूप से बाढ़ का कहर जारी है और दियारा क्षेत्र में कटाव भी है. ऐसी स्थिति में ग्रामीणों द्वारा कटाव की जानकारी भी दी गई है. इसका सर्वेक्षण किया जाएगा. जहां तक हो सकेगा, सरकारी मुआवजा प्रदान करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी
