शतरंज प्रतियोगिता में नितिन कुमार बने चैंपियन, भारतीय रहे उपविजेता

शतरंज बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है.

साहिबगंज

जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में ‘चेस फॉर वर्ल्ड पीस’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को बरहरवा स्थित बाल विद्या निकेतन में जिलास्तरीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. जिले के विभिन्न विद्यालयों के दर्जनों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कड़े मुकाबलों के बाद साहिबगंज के एमएस तालाब स्कूल के छात्र नितिन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया. वहीं प्राइमरी स्कूल कोइरीपाड़ा, बरहरवा के विजेता भारतीय ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सावन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. होली फैमिली स्कूल के सूर्य सोम कर्मकार चौथे स्थान पर रहे, जबकि राजकीय मिडिल स्कूल रतनपुर के सूर्य प्रताप भारतीय ने पांचवां स्थान हासिल किया. बाल विद्या निकेतन के देव राज दास छठे स्थान पर रहे. समापन समारोह के दौरान जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष कमलेश प्रसाद कुशवाहा ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि शतरंज बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है. उन्होंने बच्चों को खेल के साथ पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. आयोजन में जिला शतरंज संघ के सचिव विक्रम कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >