प्रतिनिधि, पतना : प्रखंड क्षेत्र के सीतापहाड़ स्थित हॉली क्रॉस उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को पवित्र क्रूस का विजयोत्सव धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर विशेष मिस्सा पूजा का आयोजन हुआ. मिशन के बड़े फादर अजीत हेम्ब्रम के नेतृत्व में कई फादर और सिस्टर शामिल हुए.
बाइबल के पाठ के साथ हुई मिस्सा
मिस्सा पूजा के दौरान पवित्र क्रूस से जुड़े बाइबल के दो पाठ किये गये. इसके बाद फादर अजीत हेम्ब्रम ने उपस्थित विश्वासियों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि क्रूस पराजय का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग और आनंद का संदेश देता है. प्रभु येशु ख्रीस्त में आस्था रखने वालों के लिए क्रूस पवित्र विश्वास का प्रतीक है.
क्रूस से मिलती है शक्ति और नयी आशा
फादर अजीत हेम्ब्रम ने कहा कि परमेश्वर का प्रेम केवल वचनों तक सीमित नहीं है. क्रूस पर किया गया बलिदान उसके प्रेम को दर्शाता है. जीवन में निराशा या विश्वास में कमजोरी महसूस होने पर क्रूस की ओर आस्था से देखने पर मन को शक्ति और नयी आशा मिलती है.
धार्मिक माहौल में मनाया गया विजयोत्सव
विजयोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा. कार्यक्रम में फादर गिलवट, फादर जीशु राज, फादर मनोज, सिस्टर लुशी जोसेफ, सिस्टर हेलेन, सिस्टर सुचिता, सिस्टर मीना टुडू सहित अन्य मौजूद थे.
