प्रतिनिधि, बरहरवा: नगर पंचायत क्षेत्र के सब्जी मंडी स्थित रेलवे गेट के समीप सोमवार को लकड़ी का कोयला लदा एक ट्रक रास्ता भटकने के बाद ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों में उलझ गया. ट्रक के तारों में फंसने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये. ट्रक के फंस जाने के कारण उसे तत्काल आगे ले जाना संभव नहीं हो सका.
निर्धारित मार्ग से भटक गया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, श्याम बीड़ी फैक्ट्री, बरहरवा के लिए लकड़ी का कोयला लेकर जा रहा ट्रक संख्या AP07 TG4298 का चालक गलती से निर्धारित मार्ग से भटक गया.
मुख्य रास्ते पर पहुंचने के बाद जब ट्रक रेलवे गेट के समीप पहुंचा, तभी ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों में वह उलझ गया. तारों में फंसने के बाद ट्रक वहीं रुक गया और आवागमन प्रभावित होने लगा.
कोयला उतारकर ट्रक निकालने की कवायद
ट्रक को सुरक्षित तरीके से तारों से निकालने के लिए पहले उसमें लदे लकड़ी के कोयले को उतारने की प्रक्रिया शुरू की गयी. कोयला खाली करने के बाद ट्रक को तारों से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कवायद जारी रही.
घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लग गया.
भारी वाहनों के मार्ग को लेकर सावधानी जरूरी
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरहरवा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन के दौरान चालकों को मार्ग को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. निर्धारित मार्ग से भटकने पर ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है और यातायात के साथ-साथ विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित होने का खतरा रहता है.
