महज चार दिन में साहिबगंज में कुल 117 मिमी हुई बारिश

हथिया नक्षत्र की बारिश किसानों के लिए राहत और चुनौती दोनों

साहिबगंज

अक्तूबर माह की शुरुआत में जिले के विभिन्न प्रखंडों में अच्छी बारिश दर्ज की गयी है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 4 अक्टूबर तक साहिबगंज में कुल 117 मिमी वर्षा दर्ज की गयी. वहीं बोरियो में 52.2 मिमी, बरहेट में 77.7 मिमी, मंडरो में 37.9 मिमी, राजमहल में 48.4 मिमी सहित अन्य प्रखंडों में औसतन 16 से 40 मिमी वर्षा दर्ज की गयी. यह बारिश हथिया नक्षत्र के दौरान हुई है, जिसे कृषि के लिहाज से अहम माना जाता है. अचानक हुई वर्षा से एक ओर जहां खेतों में नमी बढ़ गयी है. वहीं दूसरी ओर कुछ फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है. इस बारिश से आलू, गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों की बुआई के लिए खेत तैयार हो गए हैं. धान की देर से बोयी गयी फसलों को भी पर्याप्त पानी मिल गया है. साथ ही भूजल स्तर बढ़ने से किसानों को सिंचाई में भी सहूलियत होगी. जिन किसानों की धान की फसल कटाई के लिए तैयार थी, उन्हें बारिश से दिक्कत हुई है. खेतों में पानी भरने से धान के गिरने और अंकुरण का खतरा है, जिससे पैदावार और गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है. दालों व सब्जियों की फसलों को भी नुकसान की आशंका जतायी जा रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान इस वर्षा का लाभ उठाकर रबी की तैयारी करें तो आने वाले दिनों में बेहतर पैदावार मिल सकती है.

क्या कहते हैं कृषि पदाधिकारी :

जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद कुमार एक्का ने कहा कि चार दिनों में हुई बारिश से किसानों को काफी लाभ होगा. ऊपरी जमीन भी खेती योग्य बन गयी है. अब बारिश का मौसम समाप्त होने को है और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मानसून लौटने का अनुमान है. ऐसे में किसानों को थोड़ा मेहनत कर अपनी फसलों को मजबूत तरीके से उपजाने का अवसर मिल सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >