कदमा गांव के पास भीषण सड़क हादसा, महेशुपर से मंडरो जा रहे थे युवक
बरहेट : बरहेट-लिट्टीपाड़ा मुख्य सड़क पर कदमा गांव के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार पोल्ट्री पिकअप वैन और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गये और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी.
महेशपुर से मंडरो जा रहे थे दोनों युवक
मृतक की पहचान पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर गांव निवासी निकोलस हांसदा (30) के रूप में हुई. घायल भी नारायणपुर निवासी जिनसे टुडू (30) हैं. जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिल से महेशपुर से मंडरो स्थित ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान कदमा गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पोल्ट्री पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल में सामने से जोरदार टक्कर मार दी.
घायल की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल जिनसे टुडू को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया है. उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस ने शव को थाना पहुंचाया
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस शव को थाना ले आयी. समाचार लिखे जाने तक परिजन थाना नहीं पहुंचे थे. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी थी.
