तीनपहाड़
तीनपहाड़ मॉडल कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर एक जागरूकता विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह एवं एनएसएस की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों व शिक्षकों के बीच आपदा जोखिम के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपदाओं से बचाव के लिए समुचित तैयारी के महत्व को रेखांकित करना था. कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. रमजान अली ने कहा कि यह दिवस समाज को आपदाओं के प्रभाव को कम करने के उपायों के प्रति जागरूक करने हेतु मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि आपदाएं पूर्व सूचना नहीं देतीं, किंतु सतर्कता, जागरूकता और उचित नियोजन से इनके दुष्प्रभावों को काफी हद तक घटाया जा सकता है. प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनज़र विद्यार्थियों से गंगा तट की स्वच्छता बनाये रखने, पटाखों का सीमित प्रयोग करने व पर्यावरण-अनुकूल पर्व मनाने की अपील की. कार्यक्रम में शिक्षकगण, स्वयंसेवक तथा कॉलेज कर्मी उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
