प्रतिनिधि, फरक्का : मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धुलियान नगरपालिका के नए अध्यक्ष का चुनाव सोमवार को संपन्न हुआ. चुनाव में वार्ड नंबर 21 के पार्षद अनवर सादात ने 15-0 के स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल कर नगरपालिका के नए अध्यक्ष का पद संभाला.
15 पार्षदों ने किया समर्थन
चुनाव के दौरान नगरपालिका के कुल 21 वार्डों में से 15 पार्षद उपस्थित रहे, जबकि छह पार्षद अनुपस्थित रहे. उपस्थित सभी 15 पार्षदों ने अनवर सादात के पक्ष में मतदान किया. इसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया.
टीएमसी नेताओं की बतायी गयी अहम भूमिका
अनवर सादात की जीत में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक नूर आलम तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता अनरुल हक उर्फ बिप्लव की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है. चुनाव परिणाम सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
एक माह पहले बदला था समीकरण
गौरतलब हो कि करीब एक माह पहले भी इसी तरह के राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पूर्व अध्यक्ष इंजामुल इस्लाम को 15-0 के बहुमत से अध्यक्ष पद के चुनाव में पराजित किया गया था. इसके बाद सोमवार को हुए चुनाव में अनवर सादात को नया अध्यक्ष चुना गया.
विकास कार्यों को गति देने का भरोसा
जीत के बाद अनवर सादात ने अपनी जीत का श्रेय विधायक नूर आलम और वरिष्ठ नेता अनरुल हक उर्फ बिप्लव को दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है और वे नगरपालिका के विकास के लिए काम करेंगे.
विधायक ने दी जीत की बधाई
विधायक नूर आलम ने अनवर सादात को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह जीत तृणमूल कांग्रेस और पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की जीत है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नये अध्यक्ष के नेतृत्व में धुलियान नगरपालिका के विकास कार्यों को और गति मिलेगी.
