सात दिवसीय राजकीय मेला आज से, एक फरवरी को होगा शुभारंभ

मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी

राजमहल

31 जनवरी से 6 फरवरी तक सात दिवसीय राजकीय माघी पूर्णिमा मेला का विधिवत उद्घाटन 1 फरवरी को राजमहल के उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर अतिथि के माध्यम से किया जाएगा. हालांकि, प्रशासनिक न स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. नगर निकाय चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता रहने के कारण कोई राजकीय अतिथि के आगमन पर प्रशासनिक स्तर से पुष्टि नहीं हो पा रही है. बैनर भी मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल की तस्वीर के बगैर ही लगाया गया है. मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं. गंगा तट पर बोरे से पिचिंग की गयी है और बांस से बैरिकेडिंग की गयी है. वहीं, दो अग्निशमन वाहनों को अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने कहा कि 30 सदस्यीय एनडीआरएफ की टीम मेला में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखेगी. लगातार गंगा नदी में एनडीआरएफ की टीम एवं स्थानीय गोताखोर एवं आपदा मित्र गश्ती करते रहेंगे. अस्थायी शौचालय का निर्माण किया गया है. साथ ही श्रद्धालुओं के लिए टेंट की भी व्यवस्था की गयी है.

गंगा तट व मेला क्षेत्र में पुलिस बल के पुख्ता इंतजाम : एसपी

प्रतिनिधि, राजमहल

एसपी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को राजमहल थाना पहुंचकर राजकीय माघी पूर्णिमा मेला की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मेला के दौरान चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखने व कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग भागों में बांट कर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये जायेंगे. मेला में आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर महिला पुलिस बल को भी तैनात किया जाये. उन्होंने कहा कि मेला के दौरान असामाजिक व शरारती तत्वों पर निगरानी रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाये. इसके अतिरिक्त मेला आने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया जाए. उन्होंने बताया कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के साथ-साथ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो, इसका भी ध्यान रखा जाए. उन्होंने बताया कि इस बार मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन, तालझारी रेलवे स्टेशन और बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगी. मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुनसान रास्तों पर भी पुलिस बल बाइक से गश्ती करती रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की हानि ना हो. इस अवसर पर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडे, राधानगर थाना प्रभारी अमर मिंज आदि पुलिस बल मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >