आदर्श हत्याकांड में छह आरोपी किशोर घोषित, भेजे गये दुमका बाल सुधार गृह : परिजनों में मायूसी

साहिबगंज आदर्श हत्याकांड में 6 आरोपी किशोर घोषित हुए और बाल सुधार गृह भेजे गए. इधर मृतक के परिवार में मायूसी है और न्याय की गुहार लगाई है.

साहिबगंज : आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में न्यायालय की प्रक्रिया के बाद छह आरोपियों को किशोर घोषित किया गया है. न्यायालय के निर्देश पर साहिबगंज मंडल कारा में बंद सभी छह आरोपियों को दुमका स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया.

एक जुलाई की देर शाम नगर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित तिलकधारी कुआं के समीप आदर्श कुमार की गोली मारकर हत्या की गयी थी. इस मामले में आरोपियों की उम्र को लेकर न्यायालय में प्रक्रिया चली, जिसके बाद छह आरोपियों को किशोर माना गया.

आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई थी प्राथमिकी

जानकारी के अनुसार, आदर्श कुमार हत्याकांड को लेकर उसके चाचा की शिकायत पर नगर थाना में आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद पुलिस मामले की जांच और अनुसंधान में जुटी थी.

इसी बीच आरोपियों के परिजनों की ओर से न्यायालय में उनकी उम्र कम होने का दावा करते हुए उन्हें किशोर घोषित करने की मांग की गयी. न्यायालय में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह आरोपियों को किशोर माना गया. इसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार साहिबगंज मंडल कारा में बंद छह आरोपियों को दुमका बाल सुधार गृह भेज दिया गया.

जेलर ने बताये छह किशोरों के नाम

साहिबगंज जेल के जेलर परमेश्वर भगत ने बताया कि नगर थाना कांड संख्या 116/26 में बंद छह किशोरों को न्यायालय के निर्देशानुसार दुमका बाल सुधार गृह भेजा गया है. इनमें विभू कुमार, नीरज यादव, अंशु कुमार सिंह, सुजल कुमार, सुशांत कुमार और सोम कुमार शामिल हैं.

परिजनों में मायूसी, एसपी से मिलेंगे

छह आरोपियों को किशोर घोषित किये जाने के बाद मृतक आदर्श के परिजनों में मायूसी है. आदर्श की चाची पूनम देवी ने कहा कि उनके भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. परिवार पहले से ही इस घटना से सदमे में है. अब छह आरोपियों को किशोर घोषित किये जाने की जानकारी से परिजन निराश हैं.

उन्होंने कहा कि आदर्श को न्याय दिलाने के लिए एसपी से मिलकर पूरे मामले में न्याय की गुहार लगायी जायेगी. परिजनों का कहना है कि वे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >