नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क पर करें कार्रवाई, छोटे कारोबारियों तक न रहे अभियान : एसपी

साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, नशा कारोबार, साइबर अपराध तथा नाबालिगों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में बढ़ते नशा कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों, सप्लायरों और उनके पूरे नेटवर्क की पहचान करें तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के कारोबारियों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे गिरोह को ध्वस्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाये जायें. एसपी ने नाबालिगों से जुड़े अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान कर दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नाबालिगों को अपराध की ओर धकेलने वाले गिरोहों एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाये. बैठक में सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने, नियमित गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिये गये. इसके अलावा साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर भी विशेष जोर दिया गया.

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाये रखना तथा आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी पुलिसिंग करते हुए अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में साहिबगंज एसडीपीओ सुशील कुमार, राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनीस पांडेय, बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार, मिर्जाचौकी थाना प्रभारी रूपेश यादव, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित सिंह, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव, बरहेट थाना प्रभारी चंदन भैया सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Abdhesh singh

Published by: Sweta Vaidya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >