प्रदर्शन . ग्रामीणों ने की मुरली हॉल्ट पर पैसेंजर के पुन: ठहराव की मांग
राजमहल/ तीनपहाड़ : तीनपहाड़-राजमहल रेलखंड स्थित मुरली हॉल्ट स्टेशन में टीआर पैसेंजर ट्रेन का पुन: ठहराव की मांग ग्रामीणों ने धरना दिया. इसकी अध्यक्षता करते गणेश मंडल ने कहा कि जब तक ठहराव सुनिश्चित नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा. धरना में मुख्य अतिथि जदयू जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा मौजूद थे.
श्री सिन्हा ने कहा कि टीआर पैसेंजर ट्रेन का ठहराव मुरली हॉल्ट में बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मौके पर रोहित कुमार राय, बिष्णु कुमार राय, मीणा देवी, विशोखा देवी, सिदेश्वर प्रसाद यादव, सुगनी बाबा, सुबोध राय, प्रेम पासवान, हबलू राय, कृष्ण कुमार, संतोष पासवान, जय प्रकाश सिंह, रामदेव मंडल आदि उपस्थित थे.
क्या हैं मांगें
मुरली हॉल्ट पर पैसेंजर का पुन: ठहराव हो.
स्टेशन रेल टिकट काउंटर की व्यवस्था हो.
रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधा के लिए शेड की व्यवस्था हो.
हॉल्ट परिसर में पानी की सुविधा चापाकल लगे.
सुरक्षा में तैनात रहे अधिकारी
मुरली हॉल्ट स्टेशन में धरना प्रदर्शन के दौरान ट्रेन परिचालन एवं अन्य सुरक्षा को लेकर साहेबगंज आरपीएफ इंस्पेक्टर शिशिर कुमार व बरहरवा आरपीएफ सब इंस्पेक्टर एसके सुधा, राजमहल थाना के एएसआइ उदय शर्मा सशस्त्र बलों के साथ मौजूद थे.
कहते हैं ग्रामीण
लखीराम मंडल ने कहा कि टीआर पैसेंजर ट्रेन का ठहराव रद्द होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अनुप कुमार ने कहा कि ट्रेन का ठहराव रद्द होने से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र – छात्राओं को पठन – पाठन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सुभाषचंद्र ने कहा कि रेल प्रशासन द्वारा ट्रेन का ठहराव बंद करने से हजारों ग्रामीणों के समक्ष आवागमन की विकट परिस्थिति उत्पन्न हो गयी है.
