साहिबगंज : शहर के साउथ कॉलोनी स्थित रिटायर सीआइटी आरके मिश्रा के बंद पड़े रेलवे क्वार्टर नंबर 257/बी में बीती बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली है. सीआइटी के अनुसार क्वार्टर के बाहरी गेट का ताला टूटा हुआ था. इस पर बगल के क्वार्टर के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो उनके बेडरूम व अन्य कमरों का भी ताला टूटा हुआ था.
सीआइटी ने बताया कि वह अपने क्वार्टर में पड़ोस के ही एमडी चौधरी के पुत्र चिंटू को रखकर अपने समधी के यहां दरभंगा स्थित सोभंकरपुर में परिवारिक अनुष्ठान में गए थे. क्रम में सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें क्वार्टर में चोरी होने की सूचना दी. शाम में क्वार्टर पहुंचे तो देखा कि सोने की सात अंगूठी, दो बाला, एक चेन, नथ, टॉप, झुमका समेत 75 हजार रुपये व कागजात तथा कुछ घरेलू सामान गायब थे. इधर, सूचना पाकर जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी ॠषिकेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की. देर शाम समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी.
27 दो पहिये वाहनों की हुई जांच
मंडरो . एसपी सुनील भास्कर के निर्देश पर मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के मिर्जाचौकी साहिबगंज एनएच 80 पर सहायक अवर निरीक्षक मसीह दास होरो के नेतृत्व में दो व चार पहिया वाहनों की जांच की गयी. इस दौरान जरूरी कागजात नहीं रहने के कारण आधा दर्जन दो पहिया वाहन जब्त कर लिया गया.
