टाउन हॉल में सीपीआइएम की आमसभा में पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने कहा
साहिबगंज : स्थानी टाउन हॉल में सीपीआइएम द्वारा आयोजित आम सभा में पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने कहा है कि संगठन से जुड़ कर सदस्य गरीबों की मदद करे. कहा केंद्र व राज्य सरकार गरीब विरोधी सरकार बन गयी है.
गरीबों को कोई देखने वाला नहीं हैं, लेकिन सीपीआइएम गरीबों की पार्टी है और गरीबों को उनका समुचित अधिकार दिलाने व मदद करने के लिये हर संभव प्रयास करता रहता है.
इसके पूर्व जिला कमेटी के सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि वृंदाकरात को बूके देकर स्वागत किया. राज्य सचिव गोपीकांत बख्शी ने कहा कि सरकार अभी तक डोमिसाइल नीति लागू नहीं कर पाई है, जिसके कारण युवाओं को नौकरी नहीं मिल पा रहा है.
राज्य में कानून व्यवस्था पूर्ण रूपेण ध्वस्त हो चुका है. देवघर में हुई घटना अत्यंत दुखद है सरकार कहती है 10 हजार पुलिस डिय़ूटी पर लगाये गये है. घटना के समय यह पुलिस कहां थी. रघुवर सरकार फेल हो गयी है, भ्रष्टाचार चरम पर है. राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रकाश विप्लव ने कहा कि राज्य में सरकार व कानून नाम की कोई चीज नहीं है.
राज्य सचिव मंडल सदस्य मो इकबाल ने कहा कि साहिबगंज जिला टापू बन गया है. मिर्जाचौकी, फरक्का, पाकरु जाने वाले एनएच 80 व मुख्य सड़क से जिला मुख्यालय का संपर्क भंग हो गया है. जनता के लिये किसी प्रकार की योजना सही रूप से संचालित नहीं हो पा रही है. नियोजन प्रमाण पत्र नहीं मिलने से 80 टेट पास युवक नौकरी से वंचित रह गये.
सर्वे का कार्य कछुआ चाल से चल रहा है. सीपीआइएम द्वारा आयोजित आम सभा में पोलित ब्यूरो सदस्या वृंदा करात, राज्य सचिव गोपी कांत बख्शी, राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रकाश विप्लव, मो इकबाल, कौशल्या सिंह, मालेक अस्तर, सफीक, असगर, गंगाधर यादव, फरीदा खानम, रफीकुल आलम, श्याम सुंदर पोद्दार, श्याम देव, रहमान, मुन्ना मंडल, अनिल पाल, ग्यासुद्दीन, संतोष सिंह, राजीव मंडल सहित सैकड़ों महिला व पुरुष कॉमरेड उपस्थित थे. इस कार्यक्रम के तहत बुधवार को वृंदा करात के नेतृत्व में भव्य रैली निकाली गयी.
रैली टाउन हॉल से निकलकर पूर्वी फाटक, सुभाष चौक, पुलिस कॉलोनी होते हुए जिला समाहरणालय पहुंची. याहां सभी भूमि अधिग्रहण अध्यादेश वापस लो, किसानों की भूमि जबरन हड़पने की साजिश बंद करो, केंद्र सरकार द्वारा कॉरपोरेट घरानों की हित में श्रम कानूनों का संशोधन करना बंद करे. अविलंब खाद्य सुरक्षा लागू करो आदि नारे लगाये. इसके बाद 14 सूत्री जिलास्तरीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा.
हर मंदिर में बंद हो वीआइपी पूजा
वृंदाकरात ने कहा कि बाबा धाम में भगदड़ में हुई कांवरियों की मौत कुव्यवस्था के कारण हुआ है.एक और कांवरिया 105 किलोमीटर पैदल कांवर यात्रा कर बड़ी कष्ट से बाबा धाम पहुंचते हैं, वहीं दूसरी ओर वीआइपी लोग वीआइपी पास लेकर वीआइपी पूजा में शामिल हो जाते हैं. यह परिपाटी बंद होनी चाहिए. इससे आम व खास दोनों वर्गो के लोग एक विधि से पूजा दर्शन कर सकेंगे.
