साहिबगंज : शहर के सटे मदनशाही गांव स्थित एक घर से मंगलवार की दोपहर छापेमारी कर जिरवाबाड़ी ओपी पुलिस ने दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही विवाहिता को जंजीर मुक्त कराया. वहीं पुलिस ने विवाहिता अखरून निशा के ससुर जाबिर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है.
जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी ऋषिकेश कुमार ने बताया कि मिर्जाचौकी के कौड़ीखुटाना निवासी नसीमन निशा ने ओपी पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री अखरून निशा को उनके दामाद रेजाकुल अंसारी व परिवार के लोग दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं.
इस पर एसआइ शमशेर अली को जांच व सत्यापन के लिए विवाहिता को ससुराल भेजा गया, तो पुलिस को विवाहिता अखरून निशा घर के एक कमरे में खटिया में रस्सी से बांध कर रखा गया था और पैर व हाथ को लोहे के जंजीर व ताला से जकड़ कर रखा गया था. पुलिस विवाहिता को मुक्त करा कर थाना ले आयी.
