अजजा कल्याण समिति के चेयरमैन ने किया केजीए विद्यालय का निरीक्षण
साहिबगंज : अनुसूचित जन जाति, जनजाति कल्याण समिति के चेयरमैन सह बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक ताला मरांडी ने शनिवार अहले सुबह 4 बजे पहाड़ों की तलहट्टी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व अनुसूचित जनजाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय करमपहाड़ का औचक जांच किये.
दोनों जगहों पर दर्जनों खामियां मिलीं हैं. इस पर टीम ने अविलंब सुधार का निर्देश दिया है. कस्तूरबा विद्यालय में नया मेनू चार्ट नहीं लगाया गया था.
वार्डेन रोमी अंगिक से वर्गवार छात्रओं की संख्या, उपस्थिति, शिक्षक उपस्थिति का रजिस्टर मंगाकर जांच की गयी. ताला मरांडी ने एक साथ सभी बच्चियों को बैठाया और उनकी समस्याओं को एक एक कर सुना. बच्चियों ने बताया कि क्लास रूम में पंखा व वैच डेक्स की भारी कमी है. नहाने के लिए जितना शैंपू व साबुन दिया जाता है वो पर्याप्त नहीं है इसकी संख्या बढ़ायी जाय. इसमें सुधार का आश्वासन श्री मरांडी ने दिया.
मौके पर डीआरडीए निदेशक श्रीपति गिरि, एनआरईपी के कार्यपालक अभियंता बैद्यनाथ दास, जेई अजय कुमार, एडीपीओ देवेश कुमार, सहायक कल्याण पदाधिकारी विजय मंडल, भाजपा नेता धन्नंजय पासवान, आनंद रजक, वाडेन रोमी अंगिका, सहित शिक्षिका उपस्थित थे. वहीं दूसरी ओर अनुसूचित जनजाति आवासीय प्राथमिक विद्यालय के प्राचार्य श्याम विद्यालय में नहीं मिले. चेयरमैन श्री मरांडी ने जब सहायक शिक्षक से पूछा प्राचार्य कहा है तो उन्होंने कहा कि सब्जी लाने बाजार गये हैं. स्टॉक रजिस्टर, शिक्षक उपस्थिति, छात्र उपस्थिति रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराया गया. वहीं पीएस करमपहाड़ में कुल 60 से 41 छात्र उपस्थित मिले. वहीं पीटीएस में कुल 100 छात्र मे 61 छात्र उपस्थित मिले.
नहीं होती स्वास्थ्य जांच
अजजा कल्याण समिति ने विद्यालय के जांच में पाया कि विद्यालय में सभी बच्चे आदिम जनजाति के है फिर भी विद्यालय मे बच्चों का एनेमिक की जांच व स्वास्थ्य जांच नहीं की जाती है. साथ ही विद्यालय में पर्याप्त मात्र में बच्चों के लिये सोने के लिये चौकी नहीं है. मच्छरदानी, तकिया, पंखा तो है ही नहीं.
