साहिबगंज : शहर के गैस गोदाम स्थित बजरंगबली मंदिर के नजदीक शुक्रवार की शाम करीब सवा चार बजे भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष गब्बर पासवान की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी.
वहीं हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर में घुस कर जम कर तोड़-फोड़ की. तोड़-फोड़ के बाद दो मोटरसाइकिल ग्लैमर व होंडा साइन को आग के हवाले कर दिया. जबकि तीन अन्य बाइक को पूरीतरह से क्षतिग्रस्त कर दिया.
चार बाइक व एक मारुति से घेर कर मारी गोली
परिजनों के अनुसार भाजयुमो नेता गब्बर पासवान अपने घर से बाइक पर सवार होकर पोखरिया मुहल्ला किसी काम से जा रहे थे.
इसी बीच बजरंग बली मंदिर के पास पहुंचते ही मुहल्ले के विश्वजीत पासवान, टिंका पासवान, अजनीश पासवान, फूल कुमार पासवान, बौना पासवान, राजा पासवान, लालू पासवान, बबलू पासवान, नवल किशोर पासवान, मिथुन पासवान व राधा पासवान व अन्य ने मिल कर चार बाइक व एक मारुति से घेर कर रोक लिया.
इसके बाद इन लोगों ने भाजयुमो नेता के साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए तीन गोली दाग दी. एक गोली गब्बर के सिर में और दो गोली सीने में लगी. गोली लगने से गब्बर की मौके पर ही मौत हो गयी.
