साहिबगंज : श्रावणी मेला के मद्देनजर पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक पीसीसीएम डॉ उदय शंकर झा ने मालदा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के साथ भागलपुर-सुल्तानगंज-जमालपुर रेलखंड का निरीक्षण किया. इस दौरान सुल्तानगंज स्टेशन पर खान-पान स्टॉलों की जांच कर खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्रियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया गया.
कई ट्रेनों में चला विशेष टिकट जांच अभियान
इसी दौरान रेलखंड की विभिन्न ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. 13016 कविगुरु एक्सप्रेस, 12335 एलटीटी सुपरफास्ट, 13334 पटना-दुमका एक्सप्रेस, 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13071 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, 15658 ब्रह्मपुत्र मेल और 13241 बांका-राजेंद्रनगर एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में जांच की गयी.
375 बेटिकट या अनियमित यात्री पकड़े गये
अभियान में 375 बेटिकट या अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया और 2,90,905 रुपये जुर्माना वसूला गया. रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की है.
रेल-वन एप से टिकट बुक करने की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अनारक्षित टिकट बुकिंग और अन्य रेल सेवाओं के लिए रेल-वन एप का इस्तेमाल करने को कहा है.
