उधवा : राधानगर के राधानगर गांव में रविवार को चापाकल दुरुस्त करने गये प्राइवेट मिस्त्री की करंट की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की राधानगर पंचायत के थाना टोला में रविवार को अर्जुन मंडल के घर के सामने खराब चापाकल की मरम्मत हो रही थी.
इसी दौरान बेगमगंज पंचायत के गयासुद्दीन टोला निवासी चापाकल मिस्त्री सायेद शेख (33) समेत अन्य तीन थाना टोला निवासी अशोक मंडल (50), अर्जुन मंडल (53) पंचू मंडल (45) चापाकल की मरम्मत में सहयोग कर रहे थे. चापाकल का पाइप ऊपर निकालने के दौरान 11 हजार तार से स्पर्श हो गया और पाइप पकड़नेवाले करंट की चपेट में आ गये. मिस्त्री सायेद शेख की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि एक ही परिवार के तीन भाई गंभीर रूप से घायल हो गये . घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने राधानगर पुलिस को दी.
