पतना : महंगाई को लेकर विपक्षी दलों द्वारा बुलाया गया भारत बंद का पतना में मिलाजुला असर देखने को मिला. कांग्रेस के पतना प्रखंड अध्यक्ष परवेज आलम के नेतृत्व में सुबह पतना चौक में बांस बल्ला लगाकर सड़क जाम किया. जिस पर रांगा थाना एएसआइ प्रमोद कुमार मौके पर पहुंच कर बांस बल्ले को हटाया एवं शांतिपूर्वक आंदोलन करने को कहा. क्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष परवेज आलम एवं झारखंड विकास मोर्चा के पतना प्रखंड अध्यक्ष दिलीप रमानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर आंदोलन एवं नारेबाजी की. परवेज आलम ने कहा कि भाजपा की सरकार में गरीबों का जीना बेहाल हो गया है.
मोदी जी का सबसे पहला वादा था कि महंगाई कम किया जाएगा. जिस पर भाजपा सरकार विफल साबित हो रही है. एक ओर सरकार महिलाओं को निशुल्क गैस वितरण कर रही है. वहीं दूसरी ओर गैस के दामों पर लगातार बढ़ोतरी कर रही है. आखिर गरीब एवं पिछड़े वर्ग की महिलाएं इतना महंगा गैस कैसे इस्तेमाल करेंगी. वहीं पेट्रोल एवं डीजल के दाम पर बढ़ोतरी से मध्यम एवं पिछड़े वर्ग के लोग काफी परेशान हैं. आने वाले आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार राहुल गांधी लोगों के दिलों पर छा गए हैं. इस बार कांग्रेस पूरी बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी. मौके पर परवेज आलम, दिलीप रमानी, मनोज टुडू, बबलू दास, बाबूलाल सोरेन, मानिक सोरेन, बैजून टुडू, गंगाराम हेंम्ब्रम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
