छह दुकानों को किया तहस-नहस

साहिबगंज : नगर थाना क्षेत्र के एलसी रोड मुहल्ले में सोमवार देर शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो ग्रुप आपस में भिड़ गये. झड़प के दौरान गुस्साये लोगों ने छह दुकानों को भी तहस नहस कर दिया. सूचना मिलने पर तुरंत नगर थाना की पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास […]

साहिबगंज : नगर थाना क्षेत्र के एलसी रोड मुहल्ले में सोमवार देर शाम गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो ग्रुप आपस में भिड़ गये. झड़प के दौरान गुस्साये लोगों ने छह दुकानों को भी तहस नहस कर दिया. सूचना मिलने पर तुरंत नगर थाना की पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. लोग नहीं माने तो तीन थानों की पुलिस बुलायी गयी.

एसपी, डीसी, एसडीओ भी मौके पर पहुंचे और मोरचा संभाला. किसी तरह लोगों को शांत कराया. फिलहाल वहां तनावपूर्ण माहौल है. सभी पदाधिकारी व पुलिस के जवान कैंप किये हुए हैं. आज पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च भी निकाला. घटना के संबंध में बताया जाता है कि एलसी रोड मुहल्ले में मंगलवार को रात 9:45 बजे गुल्लीभट्ठा पंचमोड़वा की गणेश प्रतिमा को लेकर विसर्जन के लिए एलसी रोड से गुजर रहे थे. इसी बीच छोटी मसजिद के आगे एक मोटरसाइकिल का चक्का विसर्जन जुलूस में शामिल युवक के पैर में चढ़ गया.

तू-तू-मैं-मैं शुरू हुई, बात तुरंत हाथापाई पर पहुंच गयी. पुलिस पहुंची, लाठियां भांजी लेकिन भीड़ ने नहीं मानी. भीड़ से उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर भी फेंका. आनन फानन में गणेश प्रतिमा का विसर्जन गंगा में किया गया. जबकि दूसरे ग्रुप ने बादशाह मोड़ के समीप एक 407 वैन के शीशे फोड़ दिये. जबकि दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

डीएसपी को वापस बुलाया
रांची में आहूत सड़क सुरक्षा की बैठक में वनांचल ट्रेन से जा रहे सदर डीएसपी ललन प्रसाद को एसपी ने दूरभाष पर घटना की जानकारी देने पर वापस बुलाया. डीएसपी ललन प्रसाद ने पाकुड़ से लौट कर साहिबगंज आये.
झड़प के बाद वहां अब तक बना हुआ है तनाव का माहौल
दुकानदारों ने किया सड़क जाम
दो ग्रुपों में झड़प के बाद हुए नुकसान की भरपाई के लिए मंगलवार को दुकानदारों ने सड़क जाम कर अपनी दुकानें बंद रखी. एहतियात के तौर पर एसडीओ अमित प्रकाश, डीएसपी ललन प्रसाद, सदर इंस्पेक्टर सुनील टोपनो, थाना प्रभारी राधिका रमन मिंज,अनवर अली, सअनि प्रवीण झा, अशोक कुमार सहित भारी पुलिस बल एलसी रोड में तैनात रहे. इधर नगर थाना पुलिस ने यदु मोड, पचमोडवा व एलसी रोड के दस युवकों को बुलाकर पूछताछ कर रही है. शांति समिति की बैठक आहूत कर लोगों को शांत रहने की अपील की गयी है. पुलिस व प्रशासन नजर बनाये हुये हैं.
पहुंचे एसपी, एसडीओ व तीन थानों की पुलिस
इधर भगदड़ के बाद माहौल गर्म होते देख नगर थाना प्रभारी राधिका रमन मिंज ने एसपी को सूचना दी. सूचना मिलते ही एसपी पी मुरुगन, एसडीओ अमित प्रकाश, दंडाधिकारी नरेंद्र कुमार, ललन रजक बादशाह मोड़ पहुंचे. दोनों समुदाय के लोगों को शांत होने की अपील की. एसपी ने तत्परता दिखाते हुये जिरवाबाड़ी थाना, मुफस्सिल थाना व लाइन में तैनात दर्जनों लाठीधारी व बंदूकधारी जवान को बुला लिया. शहर के सभी चौक चौराहों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >