20 लाख तक का सालाना व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों को रखा गया है बाहर
तीन-तीन महीने पर है रिटर्न जमा करने की सुविधा
बिक्री के अनुसार 0.5 प्रतिशत सीजीएसटी व 0.5 प्रतिशत एसजीएसटी करें जमा
बरहरवा : पूरे देश में एक जुलाई से लागू नई कर प्रणाली जीएसटी से सभी व्यवसायियों को काफी फयदा होगा. व्यवसायियों के कंप्यूटर उनके कार्यालय होंगे. किसी व्यवसायी को कार्यालय का चक्कर काटने की जरूरत नहीं है. उक्त बातें मेनरोड स्थित बोहरा गेस्ट हाउस में जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की ओर से सोमवार को आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में वाणिज्य कर के उपायुक्त राकेश कुमार वर्मा ने कही. जीएसटी कार्यशाला का शुभारंभ वाणिज्य कर उपायुक्त राकेश कुमार वर्मा, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमन कुमार, सचिव अनूप कुमार सिंह, संयुक्त सचिव महेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यशाला में उपस्थित सभी व्यवसायियों को जीएसटी कर प्रणाली के बारे में जानकारी दी. उपायुक्त श्री वर्मा ने कहा कि पुरानी कर प्रणाली से कहीं बेहतर नयी ‘गुड सर्विस टैक्स’ (जीएसटी) प्रणाली है. इस कर प्रणाली में छोटे कारोबारियों के लिये ढ़ेर सारी सुविधाएं हैं. 20 लाख तक का सालाना व्यवसाय करने वाले व्यवसायियों को इससे बाहर रखा गया है. वहीं 75 लाख रुपये तक का सलाना कारोबार करने वाले व्यवसायी 16 अगस्त तक कंपोजीशन स्कीम के तहत अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. इसमें तीन-तीन महीने पर ही रिटर्न जमा करने की सुविधा है. ऐसे व्यवसायी को प्रत्येक तीन महीने पर बिक्री के अनुसार 0.5 प्रतिशत सीजीएसटी व 0.5 प्रतिशत एसजीएसटी जमा कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं. कहा कि किसी व्यवसायी को अगर किसी तरह की परेशानी हो तो हमसे मिलकर अपनी समस्याओं को रखें. उसका निदान किया जायेगा. मौके पर सहायक रामग्रहण सिंह, लिपिक पंकज कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर कुंदन कुमार, संगठन सचिव दिलीप कुमार, अशोक गुप्ता, प्रवीण तिवारी, कृष्णा भगत, हरेंद्र साहा, जगदीश पटवारी, बसंत महतो, मनोज अग्रवाल, राजेश केडिया, प्रवीण पांडे, अभय कृष्ण झा, दिलीप वर्मन, सब्बीर आलम, रंजीत रक्षित समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे.
