रांची. चाकू और पत्थर से हमला किये जाने को लेकर डोरंडा निवासी विकास टुडू ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी के अनुसार घटना सात सितंबर की रात करीब 10 बजे की है.
विकास ने पुलिस को बताया है कि वह डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित सच्चिदानंद स्कूल मैदान में दोस्तों के साथ बैठा था. इसी दौरान कुसई नीचे टोला निवासी मंथन क्षेत्री कथित तौर पर नशे की हालत में वहां पहुंचा और विकास के दोस्तों से गाली-गलौज करने लगा. समझाने के बाद वह वहां से घर की ओर जाने लगा.
रास्ते में हमला करने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, रास्ते में मंथन क्षेत्री के बड़े भाई शाहिल क्षेत्री ने विकास को अकेला पाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया. वहीं मंथन क्षेत्री पर पत्थर से उसके सिर के पीछे वार करने का आरोप है. हमले में विकास के सिर पर गंभीर चोट लगी.
विकास किसी तरह अपने घर पहुंचा. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये. प्राथमिकी के अनुसार, इलाज के दौरान उसके गले के पास तीन और सिर में नौ टांके लगाये गये. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
