रांची. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कार्तिक उरांव चौक से रविवार देर रात हर्ष कुमार (25) का अपहरण कर बर्बर तरीके से मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना के दो घंटे बाद पुलिस ने हर्ष को नगड़ी थाना क्षेत्र के जंगल से बरामद कर लिया. उसकी शिकायत पर पुलिस ने आकाश कुमार साहू, विनय कुमार साहू, असगर खान और भोला नायक को गिरफ्तार किया है. वहीं दो अन्य आरोपी बिट्ट और उत्तम की तलाश की जा रही है.
घर लौटते समय खराब हुई कार, तभी जबरन उठा ले गये कुछ लोग
आरोपियों के पास से एक्सयूवी-500, पांच मोबाइल, 6500 रुपये नकद और सरकारी स्टांप बरामद किये गये हैं. कडरू निवासी हर्ष ने बताया कि 13 सितंबर की देर रात करीब 12:10 बजे वह अमन मिश्रा और आकर्षित वर्मा के साथ लालपुर के एक होटल में जन्मदिन की पार्टी से कार (जेएच 01-जीबी-4845) से घर लौट रहा था. कार्तिक उरांव चौक के पास कार बंद हो गयी. वे लोग बोनट खोलकर कार की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक्सयूवी से तीन-चार लोग पहुंचे और हर्ष को जबरन गाड़ी में बैठा लिया.
विरोध करने पर युवक के गले में फंदे डालकर खींचा
विरोध करने पर उसके दोस्तों के सामने ही मारपीट की गयी. गाड़ी में हर्ष के साथ मारपीट की गयी और गले में फंदा डालकर खींचा गया, जिससे वह बेहोश हो गया, होश आने पर उसने खुद को सुनसान जंगल में पाया. वहां करीब छह लोगों ने हाथ, मुक्का और बेल्ट से उसकी पिटायी की. शर्ट उतारकर सिगरेट से दागा और सुलगती हुई सिगरेट मुंह में डाल दी. कपड़े उतरवाकर नग्न किया गया. हर्ष के अनुसार आकाश साहू ने उसके शरीर और माथे पर पेशाब किया.
सरकारी स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करवाया
आरोपियों ने पिस्टल मंगवाकर गोली मारने की बात कही. बाद में सरकारी स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करवाये. पीड़ित की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार, आकाश साहू रंगदारी के मामले में लोहरदगा से पहले जेल जा चुका है. सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी दी. छापेमारी टीम में सिटी एसपी पारस राणा, एएसपी कोतवाली निखिल रॉय, हटिया डीएसपी नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी संतीश गोराई समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
बार में गर्लफ्रेंड के सामने हुई पिटाई का आकाश ने लिया बदला
पुलिस की पूछताछ में आकाश साहू ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड और दोस्त के साथ लालपुर स्थित एक बार में गया था. वहां किसी बात को लेकर हर्ष कुमार और उसके दोस्तों ने उसकी पिटायी कर दी थी. इससे वह नाराज था. काफी समय से हर्ष और उसके साथियों को सबक सिखाने की योजना बना रहा था. आकाश ने पुलिस को बताया कि कार्तिक उरांव चौक से हर्ष को उठाने के बाद उससे कहा गया कि बार में उसे पीटने वाले उसके दोस्त को बुलाये. दोस्त को नहीं बुलाने पर हर्ष के साथ मारपीट की गयी. इसके बाद उसे जंगल ले जाकर प्रताड़ित किया गया.
ये भी पढ़ें: चुटुपालू घाटी बनी डेंजर जोन: हर दिन मौत का खतरा, 4 माह में ब्रेक फेल से 18 हादसे, 8 की मौत; सुरक्षा इंतजाम बेअसर
