दावोस में झारखंड का दमदार विजन: CM हेमंत सोरेन दिखाएंगे दुनिया को विकास का नया मॉडल

World Economic Forum 2026: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में शामिल होगा. दावोस में झारखंड हरित विकास, डिजिटल प्रगति, उद्योग विस्तार और निवेश अवसरों को लेकर वैश्विक नेताओं, उद्योगपतियों और इन्वेस्टर्स से बातचीत करेगा.

दावोस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, Pic Credit- X

World Economic Forum 2026, रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूएफ) की वार्षिक बैठक में स्पष्ट और मजबूत विकास दृष्टि के साथ शामिल होगा. स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाली बड़ी बैठक में झारखंड दुनिया को बताएगा कि वह आगे की सोच रखने वाला, जिम्मेदारी से काम करने वाला और भविष्य को लेकर चलने वाला राज्य है. झारखंड बिजली के नये तरीके, हरे-भरे विकास, डिजिटल काम और उद्योग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर दुनिया के बड़े नेता, बिजनेसमैन और इन्वेस्टर्स से बात करेगा.

नए तरीके के लिए पहचान बनाना चाहता है झारखंड

इस बैठक में झारखंड बताएगा कि वह प्रकृति को नुकसान पहुंचाए बिना आगे बढ़ना चाहता है. सरकार चाहती है कि पैसा भी बढ़े, पर्यावरण भी सुरक्षित रहे और स्थानीय लोग मजबूत बनें. 25 साल का हो चुका झारखंड अब सिर्फ खनिज के लिए नहीं, बल्कि अच्छे शासन, बेहतर नियमों और भविष्य के हिसाब से विकास के नए तरीके के लिए पहचान बनाना चाहता है.

Also Read: झारखंड की गली-गली में टहल रहा बच्चा चोरों का बड़ा गैंग, अंश-अंशिका के बाद 12 बच्चे बरामद

विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मालिकों से मिलेंगे सीएम हेमंत सोरेन

इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन देश और विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियों के मालिकों से मिलेंगे. वे टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा जैसी कंपनियों और अमेरिका, स्वीडन व यूरोप के व्यापार संगठनों से बातचीत करेंगे.

प्रकृति और स्थिरता पर आधारित होगा विकास मॉडल

झारखंड का विकास ऐसा होगा जिसमें लोग खुश रहें, प्रकृति सुरक्षित रहे और सब कुछ लंबे समय तक चले. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य सही तरीके से खनन करेगा, साफ एनर्जी अपनाएगा, स्थानीय लोगों को साथ लेने के अलावा महिलाओं को भी आगे बढ़ाएगा. उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी सभी के लिए काम के मौके बनाने पर है. दावोस में सरकार दुनिया को बताएगी कि झारखंड भरोसेमंद, साफ-सुथरा और टिकाऊ विकास करने वाला राज्य है.

झारखंड पवेलियन होगा सेंटर ऑफ अट्रैक्शन

20 जनवरी को दावोस में झारखंड का पवेलियन खोला जाएगा. यहां झारखंड बताएगा कि राज्य में निवेश के क्या मौके हैं? साथ ही सरकार ने उद्योग और धरती को नुकसान पहुंचाए बगैर आगे बढ़ने के लिए क्या अच्छे नियम बनाए हैं. झारखंड यह भी दिखाएगा कि वह सिर्फ फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नौकरी, कौशल, नए विचार और लोगों की भागीदारी पर भी काम कर रहा है.

विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे. वे साफ ऊर्जा, टिकाऊ उद्योग, खनिज, आधुनिक फैक्ट्रियां, डिजिटल तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन पर बात करेंगे और झारखंड में निवेश करने का निमंत्रण देंगे. वे वैश्विक मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में भी हिस्सा लेंगे.

नये अवसर और रोजगार के रास्ते खुलेंगे

दुनिया में ऊर्जा, संसाधन और अच्छे काम करने वाले लोगों की जरूरत बढ़ रही है. ऐसे में झारखंड खुद को एक भरोसेमंद साथी के रूप में पेश कर रहा है. इस सम्मेलन से राज्य को नई कंपनियां, नए मौके और नई नौकरियां मिलने की उम्मीद है.

Also Read: कैरव गांधी किडनैपिंग केस में पुलिस के हाथ अब भी खाली: जमशेदपुर का सोनू हिरासत में, CID भी लगी खोजबीन में

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >