Political News : रघुवर दास बतायें 2014 से 2019 के बीच भाजपा ने क्यों नहीं लागू की पेसा : झामुमो

झामुमो ने रघुवर दास के बयान पर पलटवार किया है. पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा और रघुवर दास आदिवासी समाज के मुद्दों को लेकर केवल राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं.

रांची (प्रमुख संवाददाता). झामुमो ने भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान पर पलटवार किया है. पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा और रघुवर दास आदिवासी समाज के मुद्दों को लेकर केवल राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं, न कि समाधान देना. कहा कि रघुवर दास को पेसा कानून की याद अब आ रही है, जबकि उनके पूरे शासनकाल में इस दिशा में एक भी ठोस कदम नहीं उठाया गया.

उन्होंने पूछा कि यदि उन्हें आदिवासी समाज की इतनी ही चिंता थी तो 2014 से 2019 के दौरान भाजपा सरकार ने पेसा कानून लागू क्यों नहीं किया? भाजपा नेता बतायें, क्या उन्होंने राज्यसभा, लोकसभा, विधानसभा आखिर कहीं पर सरना धर्म कोड या पेसा नियमावली के लिए कोई पहल की है.

श्री पांडेय ने कहा कि झामुमो ही है, जिसने झारखंड राज्य बनाया और हमेशा आदिवासी समाज की अस्मिता, भाषा, संस्कृति और स्वशासन के लिए संघर्ष किया. हमने सरना कोड की आवाज संसद तक पहुंचायी है. 2020 में झारखंड विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा गया, जो आज तक केंद्र सरकार की फाइलों में दबा पड़ा है. श्री पांडेय ने कहा कि भाजपा को पेसा, सरना कोड या आदिवासी समाज के अन्य अधिकारों पर बोलने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए कि उसने पिछले शासन में क्या किया. आज जब हेमंत सरकार हर मोर्चे पर आदिवासी हितों को प्राथमिकता दे रही है, तो भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है.

आदिवासी समाज को गुमराह कर रही भाजपा : विनोद पांडेय

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा को पेसा कानून की मूल भावना से नहीं, बल्कि इसे अपने एजेंडे के अनुसार मोड़ने में रुचि है. हेमंत सरकार पेसा नियमावली को लेकर गंभीरता से काम कर रही है और तमाम वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब अंतिम स्तर पर प्रक्रिया चल रही है. कहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं आदिवासी हैं. सरना धर्म को मानने वाले हैं और भाजपा को यह रास नहीं आता. इसलिए वे समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं.

भाजपा पर आदिवासी समाज को बांटने का लगाया आरोप

झामुमो महासचिव ने भाजपा पर आदिवासी समाज को विदेशी धर्म और मूल धर्म के नाम पर बांटने का आरोप लगाया. कहा कि यह वही भाजपा है, जो आदिवासियों को ईसाई बताकर उनकी नागरिकता, रोजगार और अधिकारों को संदेह के घेरे में खड़ा करती रही है. अब पेसा कानून को धर्म की चादर में लपेटकर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश हो रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. आदिवासी समाज समझ चुका है कि कौन उनके साथ है और कौन राजनीति करता है.

झामुमो का 11 सदस्यीय मीडिया पैनल गठित

रांची. झामुमो ने पार्टी के निर्णयों, कार्यक्रमों व सम-सामयिक विषयों पर मीडिया में पक्ष में रखने 11 सदस्यीय पैनल का गठन किया है. इसमें डॉ सरफराज अहमद, मिथिलेश ठाकुर, पंकज मिश्रा, विजय हांसदा, महुआ माजी, विकास कुमार मुंडा, डॉ नीलम मिश्रा, प्रो अशोक कुमार सिंह, मनोज यादव, तनुज खत्री व धीरज दूबे को शामिल किया है. इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कार्यालय आदेश जारी कर दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP JAISWAL

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >