रांची में स्कूल-बैंक के सामने चल रहा था ब्राउन शुगर का खेल, पुलिस ने मारी रेड; दो युवक गिरफ्तार

रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को 11.42 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

रांची: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रुगड़ीगढ़ा में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से कुल 11.42 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पथराही निवासी देवकिशोर दूबे उर्फ रिशु दूबे (23) और रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया निवासी बादल गुप्ता (25) के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि रुगड़ीगढ़ा स्थित सरकारी स्कूल और बैंक ऑफ इंडिया सीएसपी के सामने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी. टीम ने 26 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे बताए गये स्थान पर छापेमारी की.

पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे. इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया. दोनों की तलाशी दंडाधिकारी की मौजूदगी और स्वतंत्र गवाहों के समक्ष ली गयी. तलाशी के दौरान देवकिशोर दूबे के पास प्लास्टिक में लिपटा 5.61 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. वहीं, बादल गुप्ता के पास से 5.81 ग्राम ब्राउन शुगर मिला.

पुलिस ने दोनों युवकों से बरामद मादक पदार्थ से संबंधित वैध कागजात मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 294/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >