नाबालिग नौकरानी की हत्या मामले में तीन आरोपियों को जेल

उमेडंडा पारपोखर बुढ़मु निवासी नाबालिग नौकरानी खुशबू कुमारी (15) पिता मोहन नायक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के विरोध में रविवार सुबह 10 बजे ग्रामीणों ने थाना का घेराव किया.

प्रतिनिधि, कांके.

उमेडंडा पारपोखर बुढ़मु निवासी नाबालिग नौकरानी खुशबू कुमारी (15) पिता मोहन नायक की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत के विरोध में रविवार सुबह 10 बजे ग्रामीणों ने थाना का घेराव किया. ग्रामीणों का कहना था कि खुशबू की हत्या की गयी है. ग्रामीण हत्या के आरोपियों को अविलंब गिरफ्तारी व कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस संबंध में प्रेसवार्ता कर प्रशिक्षु आइपीएस सह थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने बताया कि हत्या में सुषमा कुमारी, उसका भाई संतोष कुमार दास व ड्राइवर प्रदीप बारला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. जांच के क्रम में सुषमा के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सुषमा ने नाबालिग की हत्या की है. जिसमें उसका भाई भी शामिल था. हत्या 10-11 अप्रैल की देर रात लगभग दो बजे सुनियोजित तरीके से मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देते हुए की गयी थी. फुटेज में नाबालिग का हाथ पैर बांध कर पिटाई की गयी थी. उसके बाद सुषमा ने नाबालिग के मुंह पर पिलाश डालकर दबा दिया था. जिससे उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गयी कैंची, पिलाश, लाठी, रस्सी, एडहेसिव टेप, कार व मोबाइल बरामद किया है. बताया कि हत्या आरोपी महिला सुषमा आंगनबाड़ी महिला पर्यवेक्षक के पद पर सचिवालय में पदस्थापित थी. सूचना मिलने पर विधायक सुरेश बैठा कांके थाना आकर घेराव कर रहे ग्रामीणों से बात की. रविवार को सुबह खुशबू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. ग्रामीणों के आग्रह पर सही पोस्टमार्टम जांच के लिए विधायक ने उपायुक्त को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दोबारा पोस्टमार्टम कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम का निर्देश रिम्स प्रशासन को दिया. वहीं कांके अंचल अधिकारी अमित भगत ने थाना पंहुचे और मृतका के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये दिये.

शाम लगभग पांच बजे ब्रह्मचारी नगर कांके रोड निवासी सौरभ कुमार मौर्या पिता विजय कुमार अपने पांच साथियों के साथ थाना पहुंचे और अपने को छात्र नेता बताते हुए ग्रामीणों को लेकर थाना में प्रवेश कर गये. पुलिस के जवानों ने जब सभी को बाहर धकेला तब सौरभ ने हरे रंग की स्याही पुलिसकर्मियों व थाना प्रभारी पर फेंक दी. पुलिस ने सौरभ को अविलंब हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

कांके, थाना घेराव करने पहुंचे ग्रामीणों से वार्ता करती थाना प्रभारी.

कांके, प्रेस वार्ता में शामिल प्रशिक्षु आइपीएस साक्षी जमुआर, इंस्पेक्टर कुणाल कुमार व अन्य.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >