Ranchi News : बैंड-बाजा के साथ मिली नयी कार की खुशियां

धनतेरस पर इस बार लोगों ने पिछले साल से ज्यादा गाड़ियों की खरीद की. ऑटोमोबाइल बाजार में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की जा रही है.

(सेलिब्रेशन मोड ऑन)

जीएसटी में राहत से दोगुनी हुई गाड़ियों की खरीद, कार और बाइक दोनों की मांग में उछाल

डीलरशिप में जगह कम पड़ी, बैंक्वेट हॉल बने कार डिलीवरी प्वाइंट

वरीय संवाददाता, रांचीधनतेरस पर इस बार लोगों ने पिछले साल से ज्यादा गाड़ियों की खरीद की. ऑटोमोबाइल बाजार में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की जा रही है. डीलर्स प्वाइंट पर बिक्री के आंकड़ों पर गौर करें तो यह बिक्री पिछले साल के मुकाबले दोगुनी है. केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी में की गयी बड़ी राहत का असर सीधे तौर पर बाजार में देखने को मिल रहा है. शनिवार सुबह से डीलर्स के सामने लाेग नये वाहनों की खरीद के लिए पहुंचने लगे थे. डिलीवरी के बाद लोग मंदिर में वाहनों की पूजा के लिए पहुंच रहे थे. वाहनों की बिक्री पूरे दिन हुई, क्योंकि धनतेरस पर मुहूर्त का खास महत्व होता है.

दिलीप किया शोरूम में डिलीवरी लेने आये हरिशंकर मिंज का कहना है कि अगस्त में वाहन खरीदने का प्लान था. लेकिन, जब सरकार ने जीएसटी कम करने की घोषणा की तो उसके बाद वाहन खरीदा है. लगभग 50 हजार रुपये नयी गाड़ी खरीदने पर बचा है. वहीं, किया का पेट्रोल गाड़ी खरीदने वाले श्रवण कुमार राणा का कहना है कि जीएसटी कम करके सरकार ने आम जनता को राहत दी है. शहर के विभिन्न बाइक शोरूम में जहां करीब 350 बाइक की खरीदारी हुई है, वहीं कारों की बिक्री ने खरीदारी में शतक पूरा किया है. इसमें अधिकांश कारों की बुकिंग पहले हो चुकी थी. कार डीलरों के पास इतनी जगह नहीं थी कि एक साथ 50-100 कार लगा सके. इसलिए कई डीलरों ने बैंक्वेट हॉल बुककर कारों की डिलिवरी की. साथ ही बैंड-बाजा की व्यवस्था की गयी थी. वाहन डीलरों की माने तो बाइक और कार दोनों की बिक्री उम्मीद के अनुरूप रही. बाइकों में स्कूटी की मांग ज्यादा रही. 10 लाख के नीचे की कारों की मांग ज्यादा रही.

जीएसटी में कमी का बाजार पर दिखा असर

धनतेरस के दिन शहर के सभी शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही. लोग सुबह 10 बजे से ही बुकिंग और डिलीवरी लेने पहुंचे. नयी गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी. शाेरूम परिसर में भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात करना पड़ा. शोरूम संचालकों ने बताया कि इस बार जीएसटी में कमी का असर बिक्री पर साफ नजर आया. बुकिंग इतनी ज्यादा है कि कई मॉडलों का स्टॉक खत्म हो चुका है. एक अनुमान के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दोपहिया और चौपहिया वाहनों की बिक्री दोगुनी रही है.

बिक्री के आंकड़े :

शहर के विभिन्न डीलर्स का कहना है कि पहले नवरात्र पर रिकॉर्ड वाहन बिक्री हुई थी. लेकिन, धनतेरस और दीपावली पर सबसे अधिक वाहन बिक्री दर्ज की जा रही है. उन्होंने बताया कि कारों की बिक्री की अगर बात करें तो अक्तूबर 2025 के दो सप्ताह में कुल 4298 वाहन बिके थे. इस तरह दो सप्ताह में ही करीब 30% की बढ़ोतरी हुई है. इस बार अक्तूबर के आखिर तक बिक्री का आंकड़ा 10000 वाहनों की बिक्री के पार जाने की उम्मीद है. अकेले धनतेरस में छोटी कारों के मामले में पिछले साल की तुलना में दोगुनी बुकिंग हुई थी.

———-

एक नजर बिक्री के आंकड़ों पर

डीलरों के अनुसार, नवरात्र में रिकॉर्ड वाहन बिक्री हुई थी, लेकिन धनतेरस और दीपावली पर बिक्री ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिये.

अक्तूबर 2025 के पहले दो सप्ताह में कुल 4298 वाहनों की बिक्री हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30% अधिक है.

इस बार अक्तूबर के अंत तक 10000 वाहनों की बिक्री का आंकड़ा पार होने की उम्मीद है.

अकेले धनतेरस पर छोटी कारों की बुकिंग पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >