Ranchi News : तेलंगाना में टनल में फंसे मजदूरों से अब तक नहीं हुआ संपर्क

परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे अधिकारी

रांची. तेलंगाना के नागरकुरनूल जिला में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल टनल हादसे में फंसे श्रमिकों से अब तक संपर्क नहीं हो सका है. बचाव अभियान में जुटी एनडीआरएफ की टीम को टनल में प्रवेश करने के बाद भी अब तक सफलता नहीं मिल सकी है. टनल के अंदर की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है. टनल में झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब व जम्मू-कश्मीर के भी श्रमिक फंसे हुए हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष तेलंगाना सरकार से लगातार संपर्क बनाये हुए है. इधर, मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुमला के बधिमा (पालकोट), कुंबा टोली (घाघरा), खटंगा-कोबी टोली (रायडीह) और करुंदी (गुमला प्रखंड) निवासी श्रमिकों की पारिवारिक जानकारी श्रम अधीक्षक व गुमला जिला प्रशासन ने रविवार को सत्यापित की. सत्यापन के दौरान परिजनों ने बताया कि सभी श्रमिक स्वेच्छा से विगत तीन-चार वर्षों से तेलंगाना में कार्यरत थे. सभी वर्ष में एक बार अपने गांव आते-जाते रहते थे. हादसे की खबर से श्रमिकों के परिजन चिंतित हैं. वे सभी की सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं. जिला प्रशासन ने परिजनों से धैर्य बनाये रखने की अपील की है. गुमला के उपायुक्त लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >