रातू की काजल के रूप में हुई सपही नदी में मिले शव की पहचान
Copied link
पिपरवार थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के निकट सपही नदी के बालू में गड़ा मिला महिला के शव की पहचान कर ली गयी है.
प्रतिनिधि, पिपरवार.
पिपरवार थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के निकट सपही नदी के बालू में गड़ा मिला महिला के शव की पहचान कर ली गयी है. महिला की पहचान रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया निवासी गुप्ता महली की पुत्री काजल कुमारी (18) के रूप में हुई है. अखबार व सोशल मीडिया में प्रसारित खबरों के आधार पर युवती के परिजन पिपरवार थाना पहुंचे. जहां उन्हें शव की शिनाख्त करने लिए हजारीबाग भेज दिया गया. इस संबंध में थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि शव की पहचान हो जाने के बाद अब पुलिस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है. हत्या में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. ज्ञात हो कि शनिवार को सपही नदी में उक्त महिला का शव मिला था. शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि महिला की हत्या कर शव को बालू में गाड़ा गया. पुलिस भी हत्या का मामला मान कर अनुसंधान कर रही है. युवती की हत्या में स्थानीय लोगों के शामिल होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है.