रांची से विकी की रिपोर्ट
Ranchi News: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में जल्द से जल्द झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) आयोजित करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति और नियमावली के अभाव में नियुक्ति और नियोजन की प्रक्रिया बाधित हो रही है, जिससे अभ्यर्थी मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं.
हाईकोर्ट के आदेश की हुई अवहेलना
सुदेश महतो ने अपने पत्र में लिखा है कि झारखंड उच्च न्यायालय ने 31 मार्च 2026 तक जेटेट का आयोजन करने का आदेश दिया था. हालांकि, सरकार इस समय सीमा के भीतर परीक्षा आयोजित करने में विफल रही है. उन्होंने इसे युवाओं की प्रतिभा का दमन और उनके हौसले को तोड़ने वाला कदम बताया है.
10 साल से नहीं हुई परीक्षा
पत्र में महतो ने कहा है कि साल 2016 के बाद से, यानी पिछले लगभग 10 सालों से राज्य में शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन नहीं हुआ है. इससे राज्य की बुनियादी शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. लाखों बीएड और डीएलएड डिग्री धारक युवाओं को शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में आवेदन करने का मौका भी नहीं मिल पा रहा है, जो उनके अवसर की समानता के मौलिक अधिकार का हनन है.
परीक्षार्थियों की निकल रही है उम्र
आजसू अध्यक्ष ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि हर साल परीक्षा न होने से अभ्यर्थियों की उम्र सीमा निकल रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि अविलंब एक पारदर्शी नीति और नियमावली बनाकर जेटेट का आयोजन किया जाए. साथ ही राज्य की सभी रुकी हुई नियुक्तियों, रिक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं को समयबद्ध तरीके से और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए.
यह भी पढ़ें: धनबाद में अपराधियों का तांडव: दादा-दादी के सामने मेयर संजीव सिंह के समर्थक को मारी गोली, हालत नाजुक
यह भी पढ़ें: 16 हजार लीटर पानी का संकट होगा दूर: सरायकेला के राजनगर में खराब पड़ी जलापूर्ति योजना जल्द होगी बहाल
