रांची. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत में अध्ययन और शोध करने वाले विद्यार्थी देश के इतिहास, विविध संस्कृति, परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी समझने का प्रयास करें. इससे उनकी शैक्षणिक यात्रा समृद्ध होगी और भारत से जुड़ी यादें जीवनभर उनके साथ रहेंगी.
राज्यपाल मंगलवार को लोक भवन में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अंतर्गत भारत में उच्च शिक्षा और शोध करने आए विभिन्न देशों के विद्यार्थियों व शोधार्थियों के साथ संवाद कर रहे थे. उन्होंने कहा कि श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, इराक सहित अफ्रीकी और मध्य-पूर्व के देशों के विद्यार्थियों का भारत में अध्ययन और शोध करना भारत तथा उनके संबंधित देशों के बीच मजबूत शैक्षणिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है.
मित्रता और आपसी समझ के सेतु हैं विद्यार्थी
राज्यपाल ने कहा कि भारत में अध्ययन और शोध कर रहे विदेशी विद्यार्थी केवल अपने-अपने देशों के प्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि भारत और उनके देशों के बीच मित्रता एवं आपसी समझ के सेतु भी हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से भारत में अपने अनुभवों को खुले मन से आत्मसात करने और यहां की विविधता को करीब से समझने का आग्रह किया.
