JPSC-JSSC छात्र आंदोलन : मंत्रियों की कमेटी ने छात्रों को आज वार्ता के लिए बुलाया, इधर, राहुल गांधी ने CM हेमंत को भेजा पत्र

रांची में JPSC-JSSC छात्र आंदोलन ने सियासी पारा बढ़ाया है. छात्र 20 अगस्त को CM आवास का घेराव करेंगे. सरकार ने वार्ता का प्रस्ताव दिया है, वहीं राहुल गांधी ने भी CM हेमंत सोरेन को पत्र भेजा है.

रांची : JPSC-JSSC छात्र आंदोलन पर कांग्रेस खेमे में सरगर्मी बढ़ गयी है. छात्रों ने 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की घोषणा की है. इन सबके बीच एक बार फिर से राज्य सरकार की ओर से आंदोलनरत छात्रों को वार्ता के लिए आज दोपहर 2 बजे स्टेट गेस्ट हाउस मोरहाबादी में बुलाया गया है. बीती देर रात आंदोलनरत छात्रों तक यह संदेश जिला प्रशासन द्वारा पहुंचा दिया गया है. झारखंड सरकार के चार मंत्रियों उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव एक बार फिर से छात्रों के प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे. इस बार सरकार ने आंदोलनरत छात्रों को अपने विधिक सलाहकारों के साथ बैठक में शामिल होने का प्रस्ताव भी दिया है.

राहुल गांधी ने सीएम हेमंत सोरेन को भेजा पत्र

छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मामले में हस्तक्षेप किया है. रविवार देर शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजा. सीलबंद लिफाफे में भेजे गए इस पत्र को महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचाया. राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, पत्र में कांग्रेस ने छात्र आंदोलन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है.

कांग्रेस चाहती है कि छात्रों से संवाद स्थापित कर गतिरोध का जल्द समाधान निकाला जाए

कांग्रेस चाहती है कि छात्रों से संवाद स्थापित कर गतिरोध का जल्द समाधान निकाला जाए. सरकार में घटक दल होने के नाते कांग्रेस ने छात्रों की मांगों पर राज्य सरकार से अपना रुख स्पष्ट करने का आग्रह किया है. राहुल गांधी ने भी मुख्यमंत्री को इस मामले में अपने सुझावों से अवगत कराया है. दरअसल, छात्र संगठन लगातार राहुल गांधी से भी सवाल पूछ रहे हैं. 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की घोषणा के बाद कांग्रेस के भीतर भी डैमेज कंट्रोल की कवायद तेज हो गई है.

18 अगस्त को कांग्रेस बनाएगी रणनीति

कांग्रेस ने 18 अगस्त को प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है. प्रदेश प्रभारी के. राजू और सह-प्रभारी श्रीबेला प्रसाद की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ छात्र आंदोलन के बाद बनी राजनीतिक परिस्थिति और पार्टी की भूमिका पर चर्चा होगी. बैठक में आंदोलन को लेकर कांग्रेस की आगे की रणनीति भी तय की जाएगी.

प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि पूरी पार्टी छात्रों के साथ है

प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि पूरी पार्टी छात्रों के साथ है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पत्र में क्या लिखा है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन संभव है कि राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद कर गतिरोध को तत्काल दूर करने का आग्रह किया हो. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि मामले का जल्द समाधान निकले और छात्रों की जायज मांगें पूरी हों. इस बीच सोमवार की बैठक में एमएमडीआर संशोधन विधेयक समेत छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रतीक्षा कुमारी

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >