Ranchi news : राज्य में एक और सैनिक स्कूल खोलने की प्रक्रिया शुरू करें : मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ने सैनिक स्कूल तिलैया समेत विभिन्न मुद्दों पर बैठक की.

रांची. मुख्य सचिव अलका तिवारी ने स्कूली शिक्षा सचिव को राज्य में एक और सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है. शुक्रवार को सैनिक स्कूल तिलैया समेत विभिन्न मुद्दों पर बैठक कर रहीं मुख्य सचिव को बताया गया कि देश के अलग-अलग सैनिक स्कूलों की तुलना में झारखंड के तिलैया स्थित सैनिक स्कूल में सर्वाधिक 875 छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं. जबकि, कुछ राज्यों में दो सैनिक स्कूल भी चल रहे हैं. मुख्य सचिव ने सैनिक स्कूल तिलैया के प्रतिनिधियों को विद्यालय की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने में कोई कोताही नहीं होने देने का आश्वासन दिया.

सैनिक स्कूल तिलैया में 9.49 करोड़ रुपये से नयी जलापूर्ति योजना बहाल की जायेगी

मुख्य सचिव को जानकारी दी गयी कि सैनिक स्कूल तिलैया में 9.49 करोड़ रुपये से नयी जलापूर्ति योजना बहाल की जायेगी. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से योजना को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है. उन्होंने स्कूल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट व स्टाफ क्वार्टरों के उचित रख-रखाव का निर्देश दिया. इस मौके पर स्कूल प्रबंधन ने अपने कर्मियों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन व एनपीएस समेत अन्य लाभ राज्य सरकार द्वारा वहन करने का आग्रह किया. विभाग द्वारा जानकारी दी गयी कि इस मद में लगभग सात करोड़ रुपये व्यय होंगे. मुख्य सचिव ने स्कूली शिक्षा विभाग को दूसरे राज्यों में स्थित सैनिक स्कूलों के मॉडल का परीक्षण कर उसके आधार पर आगे बढ़ने का निर्देश दिया.

छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कोडरमा में ही होगी

मुख्य सचिव ने कहा कि सैनिक स्कूल तिलैया में पढ़ रहे छात्रों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच अब कोडरमा में ही होगी. अब तक विद्यार्थियों को स्वास्थ्य जांच के लिए हजारीबाग जाना पड़ता था. इससे उन्हें परेशानी होती थी. बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, सैनिक स्कूल तिलैया व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >